गुरुग्राम | छठ महापर्व आते ही दूर शहरों में रहने वाले लोगों को अपने गांव और घर की याद सताने लगती है। मां के हाथों का ठेकुआ, खरना का प्रसाद और गांव के घाट पर सूर्य को अर्घ्य देने की खुशी के आगे सफर की थकान भी छोटी लगने लगती है। इस बार महंगे टिकट और ट्रेनों में सीट नहीं मिलने के बावजूद प्रवासी किसी न किसी तरह घर पहुंच रहे हैं। जी हां, ऐसा ही एक किस्सा आज हम आपको बताने जा रहे हैं, जिससे यह पता चल जाएगा कि इस पर्व पर लोगों की कितनी अधिक आस्था जुड़ी है।

दरअसल, बिहार के मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित श्यामसिद्धप गांव में छठ मनाने के लिए कोई 20 घंटे कार चलाकर पहुंचा, तो किसी ने परिवार के साथ हवाई सफर के लिए हजारों रुपये खर्च किए।
20 घंटे में सफर तय
गुड़गांव में कारोबार करने वाले श्यामसिद्धप निवासी अभिनव अविनाश का ट्रेन टिकट कंफर्म नहीं हुआ। परिवार के छह सदस्यों के हवाई टिकट पर करीब 90 हजार रुपये से अधिक खर्च आता। ऐसे में उन्होंने अपनी गाड़ी से गांव आने का फैसला किया। अभिनव शुक्रवार सुबह 11 बजे पत्नी दिव्या भारती, मौसी अनुप्रिया, बेटे अक्षित, मौसेरे भाई अक्षांश और रिश्तेदार सुचिता देवी के साथ रवाना हुए। करीब 20 घंटे बाद शनिवार सुबह 8 बजे गांव पहुंचे। डीजल और अन्य खर्च मिलाकर आने-जाने में करीब 30 हजार रुपये लगने का अनुमान है।
खर्च किए 60 हजार
मुंबई में आईटी प्रोफेशनल राहुल मिश्रा का तीन महीने पहले कराया गया ट्रेन टिकट भी कंफर्म नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने पत्नी निधि और बेटे निहुल के साथ करीब 60 हजार रुपये खर्च कर हवाई टिकट खरीदे। शुक्रवार देर शाम दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचने के बाद परिवार गांव पहुंच गया। प्रवासियों की घर वापसी की तस्वीर बदल रही है। अब श्रमिकों के साथ कारोबारी और आईटी प्रोफेशनल भी छठ मनाने गांव पहुंच रहे हैं। सफर का तरीका अलग है, लेकिन सभी की मंजिल एक है-परिवार के साथ पर्व मनाना और छठी मैया को अर्घ्य देना है।