हरियाणा में हाथियों के लिए सर्दियों का खास मेन्यू तैयार, गन्ना- केला और गुड़- चना भी खुराक में शामिल

यमुनानगर | सर्दियों का मौसम आते ही इंसानों की तरह जानवरों के खानपान और रहन-सहन में भी बदलाव किया जाता है। ठंड से बचाने और सेहत का ध्यान रखने के लिए हरियाणा के बानसंतौर स्थित चौधरी सुरेंद्र सिंह हाथी पुनर्वास केंद्र में भी खास इंतजाम किए गए हैं। बता दें कि केंद्र में रहने वाली लक्ष्मी-वन, लक्ष्मी-टू, लिली और चंचल नाम की चार हथिनियों को अब मौसम के अनुसार पौष्टिक आहार दिया जा रहा है।

Elephant Rehabilitation Centre

उनकी खुराक में गुड़-चना, देसी घी से बनी बाजरे की खिचड़ी, गन्ना और केला शामिल किया गया है। इसके अलावा महावत तिल के तेल से उनकी मालिश भी कर रहे हैं। नहाने के लिए अलग-अलग तालाब और ठंड से बचाव के लिए तीन शेड बनाए गए हैं।

हाथियों की खास देखभाल

करीब 400 एकड़ में फैले इस केंद्र की स्थापना वर्ष 2007 में तत्कालीन वन मंत्री किरण चौधरी ने अपने पति और दिवंगत कांग्रेस नेता चौधरी सुरेंद्र सिंह की स्मृति में कराई थी। वन्यजीव विभाग के निरीक्षक लीलू राम के मुताबिक, यहां दूरदराज के इलाकों से पांच हथिनियों को लाया गया था। इनमें मोती की बुढ़ापे के कारण मृत्यु हो चुकी है। अब 4 हथिनियां केंद्र में हैं। उनकी सुरक्षा वन विभाग करता है, जबकि खानपान और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी वाइल्डलाइफ एसओएस संस्था के पास है।

उम्र के हिसाब से तय होती है खुराक

गर्मियों में लक्ष्मी-वन, लक्ष्मी-टू और लिली को रोजाना करीब ढाई क्विंटल हरा चारा, पांच किलो फल और छह किलो खिचड़ी दी जाती है। वहीं, चंचल को 150 किलो हरा चारा, 20 किलो फल, 30 किलो हरी सब्जियां और 15 किलो खिचड़ी मिलती है। इसके अलावा, हथिनियों को 250 ग्राम देसी घी, 100 ग्राम च्यवनप्राश और आधा किलो उबले चने भी दिए जाते हैं।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.