हरियाणा के इस गांव में होगा विशाल भोज, 5 एकड़ में टेंट और 6 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था

रेवाड़ी | परिवार में किसी बुजुर्ग के निधन के बाद उनकी याद में धार्मिक और सामाजिक आयोजन किए जाते हैं। हरियाणा के रेवाड़ी में एक सरपंच बेटे ने अपने पिता की स्मृति में ऐसा ही बड़ा आयोजन रखा है, जिसमें हजारों लोग शामिल होंगे। मेहमानों के भोजन से लेकर पार्किंग तक की व्यापक व्यवस्था की गई है। बता दें कि रेवाड़ी के रायपुर गांव में मंगलवार, 17 नवंबर को देशोड़ी काज एवं ब्रह्म भोज का आयोजन किया जा रहा है।

Rewari News

गांव के सरपंच सुरेंद्र सिंह अपने पिता सूबेदार अमर सिंह के निधन के करीब छह महीने बाद यह कार्यक्रम करा रहे हैं। इसमें करीब 35 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। आयोजन में मेहमानों को देसी घी की जलेबी, लड्डू, सब्जी और पूरी परोसी जाएगी।

देसी घी के पकवान

इसके लिए करीब 350 हलवाई खाना तैयार कर रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर 5 एकड़ जमीन में टेंट लगाया गया है, जबकि वाहनों की पार्किंग के लिए 6 एकड़ जमीन तय की गई है। पार्किंग व्यवस्था संभालने के लिए करीब 100 गार्ड तैनात रहेंगे। रायपुर गांव निवासी अमर सिंह का 13 मई 2026 को 85 वर्ष की उम्र में निधन हुआ था। उन्होंने वर्ष 1972 में भारतीय सेना में भर्ती होकर 18 साल तक सेवाएं दीं और वर्ष 1999 में सूबेदार पद से रिटायर हुए। उनके बेटे सुरेंद्र सिंह गांव के सरपंच होने के साथ नंगली परसापुर पैक्स के चेयरमैन भी हैं।

आयोजन का फैसला

सुरेंद्र सिंह की इच्छा पर 4 नवंबर को बाबा बणदेव मंदिर में झाड़सा 360 खाप की महासभा हुई थी। इसमें 17 नवंबर को देशोड़ी काज और ब्रह्म भोज कराने का निर्णय लिया गया। इससे पहले 16 नवंबर को खिचड़ी का कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कई विधायकों के शामिल होने की संभावना है। वहीं, फरीदाबाद, हरिद्वार, जयपुर, गुरुग्राम और झुंझुनूं के रागनी कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजन नांगल-परसापुर रोड पर नहर के साथ एसपीएम स्कूल के पास रखा गया है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.