गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में मेट्रो का इंतजार कर रहे लोगों के लिए दूसरे फेज से जुड़ी तैयारियां तेज हो गई हैं। मेट्रो निर्माण के दौरान सड़कों पर जाम और दूसरी परेशानियां न हों, इसके लिए पहले से ही रास्ता साफ करने की योजना बनाई जा रही है। बता दें कि गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) से प्रस्तावित मेट्रो रूट की सड़कों की पैमाइश कर रिपोर्ट मांगी है।

इसके आधार पर यातायात डायवर्जन और पानी, सीवर, गैस व बिजली की लाइनों को शिफ्ट करने की योजना तैयार की जाएगी। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का निर्माण दो चरणों में किया जा रहा है।
बनेगा दूसरा फेज
पहले फेज में मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-9 तक मेट्रो बनाई जा रही है, जिसके टेंडर का आवंटन हो चुका है। वहीं, दूसरे फेज में सेक्टर-9 से डीएलएफ साइबर सिटी तक मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके लिए 5 अक्टूबर को करीब 1662 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था, जिसे 18 नवंबर को खोला जाएगा। इस फेज का निर्माण 30 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है।
हटेगा अतिक्रमण
GMRL के मुख्य परियोजना प्रबंधक गबदू राम चौधरी ने HSVP अधिकारियों को पत्र लिखकर मेट्रो निर्माण के लिए मौजूदा सड़कों के मध्य हिस्से की पैमाइश कराने का आग्रह किया है। निर्माण कार्य के लिए करीब 9 मीटर चौड़ी जगह की जरूरत होगी। पैमाइश के बाद अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि मेट्रो निर्माण के दौरान वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।
बनेंगे मेट्रो स्टेशन
दूसरे फेज के रूट में सेक्टर-7, सेक्टर-5, रेलवे स्टेशन, अशोक विहार, सेक्टर-3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार और सेक्टर-23A सहित कई इलाकों में मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं।