हरियाणा में लाल डोरा की संपत्तियों पर मिलेगा कानूनी हक, घर बैठे ऑनलाइन देख सकेंगे रिकॉर्ड

चंडीगढ़ | हरियाणा के गांवों में लाल डोरा क्षेत्र के अंदर बने मकानों और दूसरी संपत्तियों को लेकर लोगों के मन में अक्सर मालिकाना हक और कानूनी दस्तावेजों से जुड़े सवाल रहते हैं। अब ऐसे लोगों को अपनी संपत्ति का अधिकार साबित करने के लिए सरकारी प्रमाणपत्र मिल सकेगा। इसके लिए हरियाणा सरकार विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। बता दें कि बुधवार से प्रदेश में लाल डोरा यानी आबादी देह क्षेत्रों की संपत्तियों का कानूनी मालिकाना हक देने के लिए अभियान चलाया जाएगा।

Haryana Lal Dora

पात्र निवासियों को स्वामित्व प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही एक ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू होगा, जहां लोग अपनी संपत्ति का नक्शा और मालिकाना हक से जुड़ा रिकॉर्ड देख सकेंगे।

मिलेंगे 90 दिन

पोर्टल पर संपत्तियों का मानचित्र और मालिकाना हक का विवरण उपलब्ध रहेगा। रिकॉर्ड में दर्ज प्रविष्टियों को लेकर संपत्ति मालिकों और अन्य प्रभावित लोगों को दावे या आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 90 दिन का समय दिया जाएगा। शिकायतों की जांच और सुनवाई के बाद उनका निपटारा किया जाएगा। इसके बाद अंतिम अधिकार अभिलेख तैयार कर स्वामित्व प्रमाणपत्र जारी होंगे।

संपत्ति कार्ड तैयार

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में चकबंदी एवं भू-अभिलेख निदेशक डॉ. यशपाल ने योजना की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 25 लाख ग्रामीण संपत्तियों का सर्वेक्षण, मानचित्रण और सत्यापन पूरा हो चुका है। अब तक 25 लाख 16 हजार 190 लाभार्थियों के संपत्ति कार्ड तैयार किए गए हैं, जिनमें से 25 लाख 16 हजार 109 कार्ड वितरित हो चुके हैं। इन्हें परिवार पहचान पत्र (PPP) से भी जोड़ा गया है।

लोन लेने की सुविधा भी मिली

अब तक 4 लाख 21 हजार 727 संपत्तियों का पंजीकरण कर पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। इन संपत्तियों के दस्तावेजों के आधार पर 51 संपत्तियों की बिक्री हुई है, जबकि 2,541 ऋण भी स्वीकृत किए गए हैं। दावों और शिकायतों के निपटारे के लिए सभी उपायुक्तों को SOP जारी की गई है। सहायक कलेक्टर ग्रेड-2 संबंधित पक्षों को नोटिस देकर सुनवाई करेंगे और दस्तावेजों व साक्ष्यों के आधार पर कारण सहित आदेश पारित करेंगे।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.