करियर और पारिवारिक जीवन को छोड़ गुरुग्राम की मां-बेटी बनेंगी जैन साध्वी, जानिए पूरी कहानी

गुरुग्राम | आज के दौर में जहां युवा बेहतर नौकरी और बड़े पैकेज के लिए मेहनत कर रहे हैं, वहीं गुरुग्राम की एक मां-बेटी ने सांसारिक जीवन छोड़कर आध्यात्मिक राह चुनने का फैसला किया है। खास बात यह है कि बेटी मल्टीनेशनल कंपनियों में बड़े पदों पर काम कर चुकी हैं, जबकि मां इंडियन ऑयल में 37 साल नौकरी करने के बाद रिटायर हुई हैं। बता दें कि 37 वर्षीय अक्षिता जैन और उनकी 61 वर्षीय मां शिरोमणी बजाज जैन साध्वी बनने जा रही हैं।

Jain Diksha

दोनों मूल रूप से पंजाबी हिंदू परिवार से हैं और फिलहाल गुरुग्राम में रहती हैं। दीक्षा से पहले मंगलवार को जोधपुर में उनका वरघोड़ा निकाला जाएगा, जिसमें जैन समाज के साधु-साध्वियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

बेंगलुरु से किया MBA

अक्षिता ने नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल की। इसके बाद IIM बेंगलुरु से MBA किया। उन्होंने फिएट ऑटो, मर्सिडीज बेंज और फॉक्सवैगन जैसी कंपनियों में काम किया। 2025 से 2026 तक वह फॉक्सवैगन में ग्लोबल ऑपरेशन मैनेजर रहीं। इस दौरान उनका सालाना पैकेज करीब 50 लाख रुपये था। अक्षिता के मुताबिक, AI और डेटा सेंटर से जुड़े काम के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि निर्माण गतिविधियों से मिट्टी में रहने वाले सूक्ष्म जीवों को नुकसान पहुंच सकता है।

मां ने चुना वैराग्य

शिरोमणी बजाज ने 6 जनवरी 1988 को इंडियन ऑयल में नौकरी शुरू की थी। वह 31 अक्टूबर 2025 को चीफ मैनेजर पद से रिटायर हुईं। धार्मिक जीवन में उन्होंने कई तप और अनुष्ठान भी किए हैं, जिनमें 84 दिन का धर्म चक्र और 20 दिन का पुण्य कलश तप शामिल है। साध्वी पूर्णप्रज्ञाश्री के अनुसार, शिरोमणी 25 फरवरी को चेन्नई में दीक्षा लेंगी। इसके बाद वह उनके साथ संयम आराधना करेंगी।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.