नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए DDA एक बार फिर रहने का मौका लेकर आया है। अलग-अलग इलाकों में फ्लैट्स की तलाश कर रहे मध्यम कमाने-खाने वाले परिवारों के लिए नई योजना में आवेदन और बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जी हां, आपको यह जानकर हैरानी भी होगी कि इसमें फ्लैट्स की कीमत 43 लाख रुपये से लेकर 1.19 करोड़ रुपये तक रखी गई है।

दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने धनतेरस के अवसर पर डीडीए खुशहाल परिवार योजना 2026 लॉन्च की थी। इसके तहत मध्यम आय वर्ग (MIG) के कुल 445 फ्लैट्स उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनकी बुकिंग 16 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इससे पहले 6 नवंबर से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
3 इलाकों में मिलेंगे 445 फ्लैट्स
इस योजना में दिल्ली के तीन प्रमुख क्षेत्रों में फ्लैट्स उपलब्ध हैं। इनमें नरेला में सबसे ज्यादा 296 फ्लैट रखे गए हैं। वहीं, लोकनायकपुरम के पॉकेट ई में 132 और जहांगीरपुरी में 17 फ्लैट उपलब्ध हैं। फ्लैट्स की कीमत लोकेशन और आकार के हिसाब से अलग-अलग है। लोकनायकपुरम में इनकी कीमत करीब 1.14 करोड़ से 1.19 करोड़ रुपये तक है। जहांगीरपुरी में फ्लैट्स 43 लाख से 1.13 करोड़ रुपये के बीच हैं। वहीं, नरेला में 25 प्रतिशत छूट के बाद कीमत करीब 67 लाख रुपये से शुरू होती है।
बुकिंग के लिए देना होगा इतना
MIG फ्लैट्स के लिए बुकिंग राशि 4 लाख रुपये तय की गई है। इसके अलावा 2,500 रुपये का एकमुश्त नॉन-रिफंडेबल रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा। पहले से पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करा चुके लोगों को दोबारा शुल्क देने की जरूरत नहीं है। इच्छुक खरीदार डीडीए के आधिकारिक पोर्टल eservices.dda.org.in पर ऑनलाइन आवेदन और बुकिंग कर सकते हैं। खरीदार फ्लैट्स का मौके पर जाकर निरीक्षण भी कर सकते हैं। इसके लिए डीडीए ने अधिसूचना में संबंधित साइट इंजीनियरों के संपर्क विवरण जारी किए हैं।