कहीं पत्थर में उभरे चेहरे तो कहीं शीशे पर रंगों का जादू, दिल्ली का यह आर्ट फेस्टिवल खास

नई दिल्ली | कला की खूबसूरती यही है कि बिना कुछ कहे भी एक तस्वीर हजारों भाव बयां कर सकती है। कहीं प्रकृति के रंग मन मोह लेते हैं, तो कहीं शहर की भागदौड़ और इंसानी संवेदनाएं कैनवस पर दिखाई देती हैं। दिल्ली में इन दिनों ऐसा ही कला का खूबसूरत संसार सजा हुआ है, जहां हर कलाकृति की अपनी अलग कहानी है। बता दें कि कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में इंडिया आर्ट फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है।

Delhi Art

इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकारों ने पेंटिंग, स्कल्पचर, फोटोग्राफी, प्रिंट और मिक्स्ड मीडिया की कलाकृतियां प्रदर्शित की हैं। प्रदर्शनी में राकेश कुमार के स्कल्पचर खास आकर्षण हैं। उन्होंने पत्थर को तराशकर मानवीय भावों और चेहरे की बारीकियों को जीवंत रूप दिया है।

शीशे पर रंगों का जादू

वहीं, के. कंथा रेड्डी की मूर्तियों में भव्य मानवीय चेहरे और रंगों का अनूठा मेल देखने को मिलता है। मानसी की शीशे पर बनाई गई कलाकृतियां रोशनी पड़ते ही अलग चमक बिखेरती हैं। चांदनी गुलाटी अग्रवाल, लेफ्टिनेंट कर्नल राहुल रमन और प्रणति सिंह की मेराकी आर्ट भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है। शैली वर्मा ने देवी-देवताओं के स्वरूपों को अपनी पेंटिंग्स में उकेरा है।

मालिनी मनसुखानी, नीरजा टाटा और अनीता राज की कलाकृतियां भी अपनी बारीक कारीगरी और कल्पनाशीलता के लिए खास हैं। सुभाष रस्तोगी की पेंटिंग्स में रंगों का जीवंत तालमेल दिखाई देता है। वहीं, बिश्वरंजन भुनिया की रचनाओं में काशी के घाटों और आध्यात्मिकता की झलक मिलती है।

मोनोटोन आर्ट तक

फेस्टिवल में ‘थ्रेड्स ऑफ ट्रेडिशन’ कॉर्नर पर ग्रामीण शिल्पकार अपने पारंपरिक हुनर को प्रदर्शित कर रहे हैं। इसके अलावा ‘आर्ट ऑफ मोनोटोंस’ में एक ही रंग के अलग-अलग शेड्स से तैयार कलाकृतियां देखने को मिलेंगी।

यहां देख सकेंगे प्रदर्शनी

आयोजन इंडिया आर्ट फेस्टिवल
अंतिम दिन 22 नवंबर
समय सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक
स्थान कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, दिल्ली
टिकट बुक माय शो पर 299 रुपये से
Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.