भिवानी | शादी में अक्सर परिवार अपनी हैसियत से बढ़कर खर्च करते हैं और कई बार दहेज का दबाव भी लड़की वालों पर भारी पड़ता है लेकिन भिवानी के एक सरपंच ने बेटे की शादी में ऐसी पहल की है, जिसकी चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है। बता दें कि गांव धनाना-2 के सरपंच वेदपाल सिंह ने अपने बेटे विकास की शादी में 11 लाख रुपये का टीका लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने रिश्ता सिर्फ एक रुपए और नारियल में तय किया। लग्न समारोह में दुल्हन के परिवार की ओर से दी गई सोने की चेन और लाखों का सामान भी लौटा दिया।

सरपंच वेदपाल सिंह के बेटे विकास की शादी भिवानी की फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी आर्मी से रिटायर्ड सूबेदार वीरेंद्र नारायण की बेटी दीपांशी से हुई है। वेदपाल ने बताया कि रिश्ता तय होते समय 11 लाख रुपये टीका, सोने की चेन और अन्य सामान देने की बात हुई थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।
सिर्फ बेटी चाहिए
उनका कहना है कि पिता अपनी बेटी को मेहनत से पढ़ाता है। ऐसे में शादी के नाम पर उस पर आर्थिक बोझ डालना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा, “हमारे घर में बेटी आ रही है तो और चाहिए क्या।” दीपांशी के पिता वीरेंद्र नारायण ने बताया कि उन्होंने दूल्हे पक्ष से पूछा था कि उन्हें क्या चाहिए, लेकिन परिवार ने साफ कह दिया कि उन्हें कुछ नहीं चाहिए, सिर्फ बेटी चाहिए। उन्होंने इस पहल को समाज के लिए अच्छा संदेश बताया।
बहू ने की है MSc-BEd
विकास चेन्नई की एक निजी विज्ञापन कंपनी में डायरेक्टर हैं, जबकि दीपांशी ने मैथ्स में MSc-BEd किया है। लग्न समारोह में पहुंचे बवानीखेड़ा विधायक कपूर वाल्मीकि ने भी सरपंच की सराहना की। उन्होंने कहा कि दहेज के लालच से कई बार गृहस्थ जीवन खराब होता है। बाबा ब्रह्मचारी खेल प्रोत्साहन सोसायटी के संयोजक अजीत चौधरी और प्रधान संदीप जांगड़ा ने बताया कि बिना दहेज शादी करने वाले दूल्हे और उनके माता-पिता को सम्मानित किया जाएगा। 2020 के बाद हुई ऐसी शादियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। सम्मान समारोह फाल्गुन की द्वादशी पर आयोजित सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता के दौरान होगा।