यमुनानगर | हरियाणा में कई ऐसी जगहें हैं, जिनसे जुड़ी कहानियां पीढ़ियों से लोगों के बीच सुनाई जाती रही हैं। यमुनानगर के कपाल मोचन के पास भी एक ऐसी ही अनोखी जगह है, जहां लोग किसी इमारत को देखने नहीं, बल्कि उस पर जूते-चप्पल मारने और गालियां देने पहुंचते हैं। बता दें कि कपाल मोचन से करीब 5 किलोमीटर दूर संधाए गांव के खेतों में एक पुराना किला मिट्टी के टीले में तब्दील हो चुका है।

स्थानीय मान्यता के अनुसार, यह किला महाभारत काल के राजा जरासंध का था। कहा जाता है कि वह यहां महिलाओं के साथ अत्याचार करता था। इसी वजह से आज भी लोग इस जगह पर पहुंचकर अपना गुस्सा जाहिर करते हैं।
दुल्हनों की डोली लूट
स्थानीय बुजुर्गों के अनुसार, जरासंध इस इलाके से गुजरने वाली दुल्हनों की डोली लूट लेता था। वह नवविवाहिता को अपनी हवेली में पहली रात रोकता था। ऐसी ही एक घटना में उसने एक दुल्हन की डोली लूटकर उसे किले में पहुंचा दिया था। बताया जाता है कि मौका पाकर वह महिला वहां से भाग निकली और पास के एक पानी के कुंड में छलांग लगा दी। इसके बाद उसने जरासंध को श्राप दिया। मान्यता है कि महिला के श्राप के कारण जरासंध का किला मिट्टी के ढेर में बदल गया।
सदियों पुरानी परंपरा
हालांकि, इस कहानी की ऐतिहासिक पुष्टि नहीं है, लेकिन स्थानीय लोगों के बीच यह कथा आज भी प्रचलित है। इस जगह पर खासकर बुजुर्ग महिलाएं जूते-चप्पल और पत्थर मारती हैं। लोग यहां गालियां देकर भी अपना विरोध जताते हैं। कई लोग दूर-दराज से इस परंपरा को निभाने पहुंचते हैं, जबकि युवा पीढ़ी के कुछ लोग इसे मनोरंजन के तौर पर देखते हैं।