नई दिल्ली | नौकरी के साथ नई चीजें सीखने और अपनी योग्यता बढ़ाने की इच्छा रखने वाले केंद्रीय कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। अब ऑनलाइन कोर्स करने पर केंद्र सरकार उन्हें हर साल अधिकतम 6 हजार रुपये की आर्थिक मदद देगी। इस व्यवस्था का लाभ मैदानी कर्मचारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक को मिल सकेगा।

इस योजना के तहत देश और विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे। कौन-सा कोर्स कर्मचारियों के लिए उपयोगी रहेगा, इसका फैसला संबंधित विभाग करेगा।
मिशन कर्मयोगी व्यवस्था
केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। नई व्यवस्था को मिशन कर्मयोगी के तहत आई गॉट (iGOT) मार्केटप्लेस के माध्यम से लागू किया जाएगा। कर्मचारी अपनी मर्जी से कोई भी कोर्स नहीं चुन सकेंगे, बल्कि उन्हें विभाग की ओर से तय किए गए कोर्स में से ही पढ़ाई करनी होगी।
पहले खुद भरनी होगी कोर्स की फीस
इस योजना में कर्मचारियों को शुरुआत में कोर्स की फीस अपनी जेब से देनी होगी। कोर्स पूरा करने के बाद उसका प्रमाणपत्र और फीस की रसीद 30 दिनों के भीतर अपने विभाग में जमा करनी होगी। इसके बाद निर्धारित राशि कर्मचारी के खाते में भेजी जाएगी।
साल में एक से ज्यादा कोर्स का भी मौका
कर्मचारी एक साल में एक से अधिक ऑनलाइन कोर्स कर सकते हैं, लेकिन सरकार की ओर से मिलने वाली कुल राशि 6 हजार रुपये से ज्यादा नहीं होगी। अनुमान के मुताबिक, यदि 10 लाख कर्मचारी भी पूरी राशि का लाभ लेते हैं तो सरकार पर सालाना 600 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।