60 साल बाद घर में गूंजी बेटी की किलकारी, स्वागत में 71 पकवानों की शाही दावत

जींद | बेटी के जन्म की खुशी किसी भी परिवार के लिए खास होती है, लेकिन हरियाणा के जींद जिले के सफीदों में एक परिवार इस खुशी को यादगार बनाने जा रहा है। यहां 60 साल बाद परिवार की तीसरी पीढ़ी में बेटी का जन्म हुआ है। नन्ही राधा के स्वागत के लिए रविवार को बड़े स्तर पर ‘राधा का मंगलोत्सव’ आयोजित किया जा रहा है। बता दें कि रियल एस्टेट कारोबारी नरेंद्र बैरागी के परिवार में 28 अक्टूबर 2025 को राधा का जन्म हुआ था। परिवार में इससे पहले तीसरी पीढ़ी में कोई बेटी नहीं थी।

Daughter Birth Jind

इसी खुशी में कैप्टन योगेश बैरागी के परिवार ने भव्य कार्यक्रम रखा है। मेहमानों के लिए 71 तरह के पकवानों की विशेष थाली तैयार की जा रही है। इसमें इंपोर्टेड फल, 10 स्नैक्स, 9 सब्जियां, 7 मिठाइयां, अलग-अलग तरह की रोटियां, फास्ट फूड और पारंपरिक व्यंजन शामिल होंगे। हरा साग, गुड़, शक्कर और बूरा भी परोसा जाएगा।

5 एकड़ में पार्किंग

सफीदों के जींद रोड स्थित ट्रक यूनियन ग्राउंड में 4 एकड़ में पंडाल बनाया गया है। वहीं, 5 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वीवीआईपी, वीआईपी और सामान्य मेहमानों के लिए अलग-अलग पार्किंग होगी। आयोजन में व्यवस्था संभालने के लिए 650 से अधिक स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई गई है। भोजन बनाने के लिए 500 से ज्यादा
कारीगर और परोसने के लिए 1000 वेटर लगाए गए हैं। सुरक्षा के लिए 150 से अधिक गार्ड तैनात रहेंगे।

कलाकार देंगे प्रस्तुति

कार्यक्रम की थीम राधा रानी पर आधारित है। वृंदावन के कुंज बिहारी दास जी महाराज, उमा लहरी, शीतल पांडेय और मयंक बृजवासी समेत कई भजन गायक पहुंचेंगे। वहीं, हरियाणवी कलाकार अमित सैनी रोहतकिया, केडी, एमडी, बिंदर दनौदा और गगन भी प्रस्तुति देंगे। रविवार दोपहर करीब 3 बजे पारिवारिक परंपरा के अनुसार कुआं पूजन होगा। कैप्टन योगेश बैरागी हरियाणा राज्य समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन हैं। उन्होंने करीब 10 साल तक पायलट के रूप में काम किया और 6 हजार से अधिक फ्लाइंग घंटे पूरे किए।

पिता नरेंद्र बैरागी के राजनीतिक सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने 2023 में नौकरी छोड़ दी। 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें जुलाना से टिकट दिया था। यहां उनका मुकाबला अंतरराष्ट्रीय पहलवान विनेश फौगाट से हुआ। योगेश बैरागी करीब 5 हजार वोटों से चुनाव हार गए थे।

नेता होंगे शामिल

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के कारण शामिल नहीं हो पाएंगे। हालांकि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा स्पीकर और डिप्टी स्पीकर, कई मंत्रियों, राष्ट्रीय महामंत्री विप्लब देव, मेयर और चेयरमैन के पहुंचने की संभावना है। विपक्ष के प्रमुख नेताओं और कई संतों को भी आमंत्रित किया गया है। परिवार ने इस आयोजन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का संदेश आगे बढ़ाने का उद्देश्य भी बताया है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.