HSSC की परीक्षाओं में नकल व पेपर लीक करना बनकर रह जाएगा सपना, आयोग ने तैयार किया फुलप्रूफ प्लान

पंचकूला | हरियाणा में भर्ती परीक्षा में अब नकल करना या पेपर लीक करना एक सपना बनकर रहने वाला है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने इस दिशा में फुलप्रूफ प्लान तैयार कर लिया है. जिसके बाद इन भर्ती परीक्षाओं में नकल करना आसान नहीं होगा. एचएसएससी चैयरमेन भोपाल सिंह खदरी ने बताया कि नकल रहित भर्ती परीक्षा कराने को लेकर कड़े कदम उठाने की तैयारियां तेज हो गई हैं और इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.

HSSC

एक परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों के चार-चार सेट होंगे तैयार

भोपाल सिंह खदरी ने बताया कि एक ही परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों के चार-चार सेट तैयार होंगे और इनमें से कौनसा सेट परीक्षा के दौरान खोला जाएगा , इस पर आखिरी निर्णय एचएसएससी की टीम परीक्षा शुरू होने से मात्र 15 मिनट पहले करेगी. इस कदम से नकल तथा पेपर लीक करने की संभावना बिल्कुल क्षीण हो जाएगी. उन्होंने माना कि एक साथ चारों सेट लीक करना बेहद मुश्किल होगा. उन्होंने बताया कि आयोग की बेहद भरोसेमंद टीम को ही यह जानकारी होगी कि पेपर कहां से प्रिंट कराए जा रहे हैं. प्रिंटिंग प्रेस की जानकारी पूरी तरह से गोपनीय रहेगी.

एचएसएससी चैयरमेन ने बताया कि यदि किसी एक, दो या तीन सेंटर पर पेपर लीक हो जाता है तो तुरंत प्रश्नपत्रों का दूसरा या तीसरा सेट खुलवा दिया जाएगा ताकि दोबारा परीक्षा पर होने वाले खर्च से बचा जा सके और पेपर लीक होने से बच्चों में होने वाले मानसिक तनाव से भी उन्हें दूर रखा जा सके. उन्होंने बताया कि गोपनीयता को मद्देनजर रखते हुए आयोग की ओर से पूरा सिस्टम सभी के साथ शेयर नहीं किया जा सकता है लेकिन हमने सरकार के साथ मिलकर नकल माफियाओं पर नकेल कसने की पूरी योजना तैयार कर ली है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में 1672 PGT भर्ती परीक्षा का ऐलान, HPSC ने जारी किया बड़ा अपडेट

दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के मामले पर जवाब देते हुए भोपाल सिंह खदरी ने बताया कि इन मामलों में बढ़ोतरी जरुर हुई है लेकिन हमने इस पर भी अंकुश लगाने की पूरी योजना तैयार कर ली है. उन्होंने बताया कि डाक्यूमेंट वैरीफिकेशन के अलावा जब किसी अभ्यर्थी को नौकरी ज्वाइन कर ड्यूटी करते हुए दो से तीन महीने हो जाएंगे तब आयोग की टीम अभ्यर्थी के विभाग में अचानक से जाकर आधार कार्ड मैच, डाक्यूमेंट वैरीफिकेशन, आंखों की पुतली की जांच और बायोमीट्रिक हाजिरी में अंगुलियों व आंखों की वैरीफिकेशन के जरिये यह पता लगायेगी कि सही व्यक्ति ड्यूटी कर रहा है अथवा परीक्षा किसी और ने दी है और ड्यूटी कोई दूसरा कर रहा है. इस तरह अभ्यर्थियों द्वारा दिए गए डाटा का मौक़े पर ही मिलान किया जाएगा और फ्रॉड किस्म के लोगों को चुन- चुनकर कर नौकरी से बाहर किया जाएगा. ऐसे फ्रॉड लोगों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.