करनाल | हरियाणा के करनाल जिले से दिल छू लेने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला नर्सिंग सुपरवाइजर ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक व्यक्ति को मौत के मुंह से वापस जिंदगी के मुहाने पर ला खड़ा कर दिया. यह पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
नब्ज चेक कर दी सीपीआर
करनाल के सेक्टर-6 निवासी अंकिता मान विर्क अस्पताल में नर्सिंग सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं. मंगलवार की रात 10 बजे के आसपास वह अपने बेटे के साथ बाजार आई हुई थी तो उसका ध्यान गुरुद्वारा के पास जमा भीड़ पर पड़ा. उन्होंने वहां एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़े देखा. लोगों की भीड़ उस व्यक्ति को मृत समझ चुकी थी. तभी नर्सिंग सुपरवाइजर अंकिता ने स्थिति की गंभीरता को समझा और उक्त व्यक्ति की नब्ज चेक की. उन्होंने महसूस किया कि अचेत अवस्था में पड़े व्यक्ति की नब्ज चल रही है तो उन्होंने तुरंत सीपीआर देना शुरू कर दिया. कुछ ही देर में व्यक्ति की सांसें चलने लगी और वह उठ खड़ा हुआ. इसके बाद उक्त व्यक्ति को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया.
कल्पना मेडिकल कॉलेज पहुंचे व्यक्ति के प्राथमिक उपचार में सामने आया कि सांस की नली में खाना फंस जाने से वह बेहोश हो गया था. डाक्टरों ने कहा कि यदि समय पर सीपीआर नहीं मिलती तो व्यक्ति की जान भी जा सकती थी. डॉक्टर ने कहा कि सीपीआर एक ऐसी जीवन रक्षक प्रक्रिया है, जो हर व्यक्ति को आनी चाहिए. समय रहते सीपीआर देने से मस्तिष्क और हृदय को ऑक्सीजन मिलती है, जिससे जिंदगी बचाने में मदद मिलती है.
मानवीय पहल की प्रशंसा
विर्क अस्पताल के डाक्टर और शहर के लोगों ने अंकिता की इस मानवीय पहल की जमकर सराहना की. वहीं, सोशल मीडिया पर भी उनकी इस पहल को चौतरफा सराहना मिल रही है. सोशल मीडिया यूजर्स अंकिता सिंह को भगवान का दर्जा दे रहे हैं.
