भिवानी के गांव बिड़ोला में बनेगा 33 kV सब-स्टेशन, 8 गांवों में बेहतर होगी बिजली सप्लाई

भिवानी | जिले के आधा दर्जन से ज्यादा गांवों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां गांव बिड़ोला में 33 kv के नए सबस्टेशन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है. इसके निर्माण पर 7.34 करोड़ रूपए की लागत राशि खर्च होगी. लगभग एक साल में बनकर तैयार होने वाले इस प्रोजेक्ट से 8 गांवों की आबादी को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी.

Electricity Board

सुनिश्चित होगी बेहतर बिजली आपूर्ति

DHBVN सर्कल भिवानी के एसई विजेन्द्र लांबा ने बताया कि ज़िले के लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु कदम उठाए जा रहे हैं. इसी दिशा में विभाग द्वारा गांव बिड़ोला में 33 kV सब-स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू हो गया है. इस सब-स्टेशन में 12.5 MVA क्षमता का पॉवर ट्रांसफार्मर लगेगा. वहीं, इसके लिए 132 kV सब-स्टेशन झांवरी से 10.3 किलोमीटर लंबी 33 kV की लाइन आएगी.

8 गांवों को मिलेगा लाभ

उन्होंने बताया कि गांव बिड़ोला में बनने वाले 33 kV सब- स्टेशन से 8 गांवों के लोग सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे. जिनमें गांव बिड़ोला, छप्पार बास, जोगियां, रांगडान, सरल, बादलवाला, थिलौड और भारीवास शामिल हैं. इससे 11 kV के 2 घरेलू और 3 ट्यूबवेल के फीडर निकलेंगे. जो कुल 2617 घरेलू, 930 ट्यूबवेल और 147 व्यवसायिक कनेक्शन को बिजली सप्लाई करेंगे.

2026 तक बनकर होगा तैयार

एसई विजेन्द्र लांबा ने बताया कि इस सब-स्टेशन के बनने से 132 kV सब-स्टेशन तोशाम, 33 kV सब-स्टेशन पिंजोखरा और पिटौदी को ओवरलोडिंग की समस्या से छुटकारा मिलेगा. जिसका सीधा फायदा इन स्टेशनों से बिजली आपूर्ति होने वाले गांवों को मिलेगा. वहीं, 11 kV की छोटी लाइन होने से फॉल्ट को दुरस्त करने में आसानी होगी, जिससे ब्रेकडाउन में कमी आएगी. यह सब-स्टेशन अगले साल जनवरी महीने तक बनकर तैयार हो जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.