हरियाणा TET की तारीखों पर आया बड़ा अपडेट, बोर्ड ने पूरी की तैयारी

चंडीगढ़ | हरियाणा में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए HTET परीक्षा काफी अहम है। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने आगामी परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है, उनके लिए तारीखों को लेकर जल्द अच्छी खबर सामने आ सकती है। बता दें कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने HTET-2026 के आयोजन को लेकर सरकार के पास प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद परीक्षा की तारीखों का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। फिलहाल, बोर्ड इसी साल परीक्षा कराने की तैयारी में जुटा है।

HTET Exam Date 2026

शिक्षा बोर्ड ने HTET के आयोजन से जुड़ी एजेंसियों का चयन करने के साथ टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। इसमें बायोमेट्रिक सत्यापन, वीडियोग्राफी, CCTV निगरानी, मेटल डिटेक्टर से जांच, ऑनलाइन आवेदन और डेटा प्रोसेसिंग जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।

दिसंबर में होगी परीक्षा

बोर्ड ने 26 और 27 दिसंबर को परीक्षा कराने का प्रस्ताव भेजा है। हालांकि, इन तारीखों पर अंतिम फैसला सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा। HTET-2025 का परिणाम 22 अगस्त को जारी किया गया था। तीनों लेवल में कुल 31,847 अभ्यर्थी सफल रहे और कुल पास प्रतिशत 16.57 रहा। परीक्षा के लिए करीब 2.33 लाख अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जबकि लगभग 1.92 लाख ने परीक्षा दी थी।

लेवल-1 प्राइमरी टीचर में 3.53 प्रतिशत अभ्यर्थी पास हुए। लेवल-2 ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर का पास प्रतिशत 20.71 रहा, जबकि लेवल-3 पोस्ट ग्रेजुएट टीचर में 16.5 प्रतिशत अभ्यर्थियों को सफलता मिली।

बायोमेट्रिक का मौका

HTET-2025 के जिन अभ्यर्थियों का परिणाम RLV (सत्यापन के कारण रिजल्ट लंबित) दिखाया गया है, उन्हें 6 और 7 नवंबर को भिवानी स्थित बोर्ड मुख्यालय में बायोमेट्रिक सत्यापन कराने का अवसर दिया गया है। इसके लिए मूल फोटो पहचान पत्र और मूल एडमिट कार्ड साथ ले जाना जरूरी है। निर्धारित अवसरों पर सत्यापन नहीं कराने वाले अभ्यर्थियों को सूचना बुलेटिन के अनुसार फीस या जुर्माना जमा करने की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।

बोर्ड सचिव दीपक बाबूलाल करवा के मुताबिक, HTET-2026 इसी साल कराने की तैयारी है। सरकार की मंजूरी मिलते ही परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को आधिकारिक घोषणा पर नजर रखनी चाहिए।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.