भिवानी के स्कूलों में अब नहीं लगेगी जर्जर कमरों में क्लास, DEO ने BEO को दिए सख्त निर्देश

भिवानी | हरियाणा के मुख्यमंत्री के आदेशों के बाद जिले के जर्जर स्कूल भवनों को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है. अब विद्यार्थियों को किसी भी जर्जर या कंडम घोषित भवन में नहीं बैठाया जाएगा. जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को अपने- अपने क्षेत्र में ऐसे भवनों की जानकारी जुटाने और उन्हें डिमॉलिश करवाने के निर्देश दिए हैं. भिवानी के एडीसी दीपक बाबूलाल कारवा ने जिला शिक्षा अधिकारी निर्मल दहिया को पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्कूल में विद्यार्थियों को जर्जर इमारत में पढ़ाया नहीं जाए.

Faridabad Govt School

मुख्यमंत्री के आदेशों का हवाला देते हुए कहा गया है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह पक्का किया जाए कि कोई विद्यार्थी जर्जर भवन में कक्षा न लगाए. DEO निर्मल दहिया ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं.

अभियान के बाद कार्रवाई

BEO को यह पता लगाने के लिए कहा गया है कि उनके क्षेत्र में कितने स्कूल भवन कंडम या जर्जर घोषित हैं. इसके बाद ऐसे भवनों को डिमॉलिश कराने की प्रक्रिया की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की जान को किसी तरह का खतरा न रहे. जर्जर स्कूल भवनों का मुद्दा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के स्कूल ठीक करो अभियान के तहत भी उठाया गया था. CJP लीडर अभिजीत दीपके ने 15 अगस्त को अभियान शुरू किया था. इसके बाद प्रशासन की ओर से जर्जर स्कूल भवनों में बच्चों को नहीं बैठाने के निर्देश जारी किए गए हैं.

स्कूल की हालत खराब

भिवानी के गांव ढाणा जोगी में राजकीय प्राथमिक पाठशाला का एक कमरा और बरामदा काफी जर्जर स्थिति में है. ग्रामीण नरेश, उमेद, जयपाल, सुरेश, सुरेंद्र, प्रेम, नरेंद्र, मनीराम और बलबीर आदि ने बताया कि स्कूल की छतों में गहरी दरारें हैं. सरियों में जंग लग चुकी है और दीवारों का प्लास्टर उखड़ रहा है. बारिश के दौरान छत से पानी टपकता है. ग्रामीणों का कहना है कि भवन कभी भी गिर सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है.

ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल की स्थिति को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों और सरकार को लिखित शिकायत व मांग पत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

टेंडर का इंतजार

स्कूल के हेड टीचर राजेश सांगवान ने बताया कि पिछले साल भी विभाग को लिखित में देकर भवन की मरम्मत की मांग की गई थी. इस बार भी शिक्षा विभाग को जानकारी दी गई है. वहीं जेई रणजीत सिंह ने बताया कि रिपेयरिंग के लिए टेंडर होना बाकी है. यह प्रक्रिया हेड ऑफिस स्तर से पूरी होती है. संभावना है कि अगले महीने तक टेंडर हो जाएंगे, जिसके बाद भवन की रिपेयरिंग का काम शुरू किया जाएगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.