भिवानी | रविवार रात को हरियाणा के हिसार, रोहतक, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़ और भिवानी में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया. सोमवार सुबह होते-होते हिसार, जींद, झज्जर, रेवाड़ी और फरीदाबाद में भी तेज बारिश दर्ज की गई. इससे पहले रविवार को अंबाला, यमुनानगर और कैथल में बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट आई लेकिन उमस से लोग परेशान रहे.
इन जिलों में रेड अलर्ट घोषित
सोमवार सुबह 11 बजे तक मौसम विभाग ने हिसार, रोहतक और जींद जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया है. अलर्ट के तहत हिसार के हांसी, नारनौंद, जींद के शहर, जुलाना व सफीदों, रोहतक के महम, सोनीपत के गोहाना और भिवानी के बवानीखेड़ा क्षेत्रों में भारी बारिश के आसार हैं. मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है. बाकी 16 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
10 जुलाई तक जारी रहेगा सिलसिला
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी से हरियाणा में वर्षा हो रही है. इस बारिश का सिलसिला 10 जुलाई तक जारी रह सकता है. इससे तापमान में गिरावट और उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी.
पिछले तीन-चार दिनों से मानसून टर्फ दक्षिण की ओर झुकी हुई थी, जिससे मध्य प्रदेश, दक्षिण राजस्थान और गुजरात में बारिश हो रही थी. लेकिन अब यह टर्फ उत्तर की ओर बढ़ रही है जिसकी उत्तरी सीमा श्रीगंगानगर, भिवानी, आगरा, बांदा, पुरुलिया और कोलकाता से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली है. इसके चलते हरियाणा में 10 जुलाई तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा.
