तोशाम हल्के पर सौगातों की बारिश, हरियाणा CM ने दिया करोड़ों रुपए की परियोजनाओं का तोहफा

भिवानी | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी कल भिवानी पहुंचे थे जहां उन्होंने तोशाम में इरीगेशन एसोसिएशन ऑफ इंडिया व इरीगेशन एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 3 दिवसीय उन्नत सिंचाई मेले का उद्घाटन किया. जल संसाधनों के बेहतर उपयोग के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था.

CM Nayab Singh Saini 1

107 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का तोहफा

सीएम नायब सैनी ने तोशाम हल्के को 107 करोड़ रुपए से ज्यादा लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया. इनमें 14 करोड़ रुपए की लागत से बनी दो पूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और 93.62 करोड़ रुपए की लागत से 4 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल हैं.

उद्घाटन की गई परियोजनाओं में 7.12 करोड़ रुपए की लागत से गांव बिडोला में 33 kV सब- स्टेशन और 6.85 करोड़ रुपए की लागत से गांव ढिगावा जाटान में स्कूल भवन शामिल हैं. शिलान्यास की गई परियोजनाओं में लोहारू, ईशरवाल और भाकड़ा में 33 kV सब- स्टेशन तथा गांव गरवा में उत्तर भारत का सबसे बड़ा फिशरीज एक्वा एक्सीलेंस सेंटर शामिल हैं.

मुख्यमंत्री की घोषणाएं

  • गांव दिनोद में करीब 98 करोड़ रुपए से सीवरेज सिस्टम व जलापूर्ति विस्तार के लिए पंचायत द्वारा भूमि उपलब्ध कराने पर स्वर्ण जयंती महाग्राम योजना के तहत एसटीपी का निर्माण किया जाएगा.
  • तोशाम में बीडीपीओ कार्यालय की नई बिल्डिंग तैयार की जाएगी.
  • पंचायत द्वारा भूमि उपलब्ध कराने पर गांव मनसरबास में 33 kV सब- स्टेशन बनाया जाएगा.
  • तोशाम में चयनित गांवों में मिनी खेल स्टेडियम बनाए जाएंगे.
  • तोशाम के 50 बेड के सिविल अस्पताल को फिजिबिलिटी के बाद 100 बेड का बनाया जाएगा.
  • कैरू के सरकारी कॉलेज में विज्ञान संकाय शुरू की जाएगी.
  • तोशाम व जूई अनाज मंडियों में शेड व मार्केट कमेटी कार्यालय का निर्माण/मरम्मत किया जाएगा.
  • 11 करोड़ रुपए की लागत राशि से मार्केट कमेटी की 22.14 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया जाएगा.
  • 56.40 करोड़ रुपए की लागत से लोक निर्माण विभाग की 61 किलोमीटर लंबी 19 सड़कों का नवीनीकरण व चौड़ीकरण किया जाएगा. 170 किलोमीटर लंबी 42 सड़कों की मरम्मत पर 95 करोड़ रुपये खर्च होंगे. 47.37 किलोमीटर लंबी 13 सड़कों की मरम्मत करवाई जाएगी.
  • ग्रामीण क्षेत्रों में 25 किलोमीटर लंबे खेत के रास्तों को पक्का किया जाएगा. 23 अन्य सड़कों का रखरखाव किया जाएगा.
  • तोशाम हल्के के विकास के लिए अलग से 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा की गई है.
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.