भिवानी | हरियाणा के भिवानी के लघु सचिवालय में सोमवार को जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला की अध्यक्षता उप जिला जनगणना अधिकारी भागीरथ कौशिक ने की. इस दौरान जनगणना जिला कोऑर्डिनेटर सन्नी बल्हारा ने जिले के अधिकारियों को जनगणना कार्य से जुड़ी तैयारियों और प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. साथ ही, तय दिशा- निर्देशों और प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया जाए.

कार्यशाला में सन्नी बल्हारा ने जनगणना के दूसरे चरण के दौरान किए जाने वाले विभिन्न कार्यों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाएं.
समय पर पूरी हों तैयारियां
जनगणना जिला कोऑर्डिनेटर ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय हित का कार्य है. ऐसे में इससे जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें. उन्होंने चार्ज अधिकारियों को अपने- अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए. साथ ही, कहा कि जनगणना कार्य से जुड़ी किसी भी तरह की कमी या समस्या सामने आती है तो उसे समय रहते दूर किया जाए.
कार्यशाला में अधिकारियों को जनगणना के निर्धारित कार्यों, प्रक्रिया और उनकी जिम्मेदारियों से संबंधित जानकारी दी गई. इस दौरान अधिकारियों ने तैयारियों को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की और अपने- अपने क्षेत्रों में किए जाने वाले कार्यों के संबंध में दिशा-निर्देश लिए.
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यशाला में जिले के सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार शामिल हुए. इसके अलावा नगर परिषद भिवानी के कार्यकारी अधिकारी, नगर पालिकाओं के सचिव, चार्ज क्लर्क और तकनीकी सहायक भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की और कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा करने को लेकर आवश्यक जानकारी हासिल की.