भिवानी | हरियाणा (तोशाम) की नायब सैनी सरकार में महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी आज अपने पैतृक गांव गोलागढ़ पहुंची जहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल की समाधि पर पुष्प अर्पित कर नमन किया. उन्होंने 31 मार्च को तोशाम में मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में होने वाली प्रगतिशील रैली के लिए विभिन्न गांवों का दौरा करते हुए लोगों को आमंत्रण दिया.
तोशाम को लाखों की परियोजनाओं की सौगात
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने भिवानी जिले को 1649.56 लाख रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया. इसमें कैरु बीडीपीओ कार्यालय में 204.90 लाख रुपए की सिंचाई विभाग की परियोजनाएं, जिसमें चौधरी बंसीलाल चैनल पंप हाउस नंबर- 3, पंप हाउस नंबर- 4 और पंप हाउस नंबर- 5 शामिल है. तीनों पंपों के नवीनीकरण का उद्घाटन किया गया है.
इसी तरह कैरू ब्लॉक में जिला विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा 21 गांव में 879.69 लाख रुपए की धनराशि की 49 विकास परियोजनाओ का शिलान्यास व उद्घाटन कर क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात दी है.
तोशाम हल्के को बड़ी सौगात
सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने तोशाम ब्लॉक के 13 गांवों रिवासा, बजीना, बिड़ौला, अलखपुरा, भारीवास, दुल्हेड़ी, पटौदी कलां, संडवा, तोशाम, पिजोखरा, बागानवाला, छप्पार जोगीयान व ढाणी माहू में 564.97 लाख रुपए की विभिन्न 17 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया.
इन गांवों को भी मिली सौगात
उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं में इनमें एमजीवीवाई, एचआरडीएफ, डिस्टेंशनग्रांट, एमपी लैंड, डीप्लान और वीएएनजीवाई स्कीमों के तहत 21 गांवों भानगढ़, डांगर, धारवान बास, ढाबढाणी, गोलागढ़, इन्दीवाली, जीतवानबास, जूई कलां, कैरू, खेरपुरा, कसुंभी, लहलना, लालावास, लेघाभानान, लेघा हेतवान, लोहानी, मानसरबास, पोकर वास, शिमलावास, सुंगरपुर व टिटनी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया.
