चंडीगढ़ | हरियाणा के लाखों युवा CET परीक्षा के इंतजार में है. अभी तक परीक्षा की तारीख तय नहीं हो पाई है, मगर इस बीच युवाओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आ रही है. बता दें कि हरियाणा सरकार ने संयुक्त पात्रता परीक्षा (CET) के जरिये इसी साल 50 हजार से ज्यादा पदों को भरने का लक्ष्य तय किया है. मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी ने इसके लिए विभिन्न विभागों से रिक्त पदों का ब्योरा भेजने की मांग की है.
हर साल 50000 पद भरने की तैयारी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के पास अलग- अलग विभागों से लगभग 10 हजार पदों की मांग भेजी जा चुकी है. इनमें 5600 पद सिपाहियों के व 750 पद स्वास्थ्य विभाग के हैं। सबसे ज्यादा भर्तियां शिक्षा विभाग में होनी हैं. भाजपा सरकार के संकल्प पत्र में पांच साल में 2 लाख रिक्त पड़े पदों पर भर्तियों का वादा किया गया है. हर साल 50 हजार पदों को भरने की तैयारी है. अब सरकार अपने वादे को निभाने में लग गई है.
सीईटी होने के बाद पदों की मांग बढ़ने की संभावना
आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह का कहना है कि अभी विभागों से जानकारी भेजनें को कहा गया है. सभी का डाटा आने पर इसे एकत्र किया जाएगा. सीईटी होने के बाद पदों की मांग बढ़ भी सकती है. इसी के बाद उनको विज्ञापित किया जाएगा.
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने सरकार के सामने मांग रखी है कि सभी विभाग हर तिमाही आयोग के पास मांग पत्र भेजें, ताकि भर्तियों को लेकर पहले से ढांचा तैयार किया जा सके. इसी डाटा के आधार पर सीईटी पास अभ्यर्थियों की आने वाली परीक्षाओं का शेड्यूल तैयार किया जाता है.
