चंडीगढ़ | हरियाणा राज्य में बेरोजगारी और पेपर लीक मामले में लगातार उठ रहे सवालों के बीच अब सरकार और एचएसएससी दोनों एक्शन मूड में नजर आ रही है. महामारी के कारण लंबे समय से रुकी भर्तियों का आयोजन और कई अन्य पदों पर होने वाली नियुक्तियों के लिए शेड्यूल जारी किया जा रहा है.
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष भोपाल सिंह खदरी ने बुधवार को एक दैनिक समाचार पत्र से बातचीत करते हुए जानकारी दी कि 22 सितंबर से 31 दिसंबर 2021 तक 15 हजार पदों पर और 1 जनवरी 2022 से 31 मार्च 2022 तक 25 हजार पदों पर नियुक्ति कर दी जाएंगी. उन्होंने यह भी बताया कि 24 मार्च से 25 सितंबर तक लगभग 7 हजार पदों पर नियुक्ति हो चुकी हैं.
हरियाणा में भर्तियों का पूरा शेड्यूल
भोपाल सिंह ने आगामी भर्तियों के बारे में बताया कि 26 सितंबर 2021 को पुलिस सब इंस्पेक्टर पुलिस और महिला पदों के लिए लिखित परीक्षा होगी. इसके बाद 29 सितंबर से पुलिस कमांडो के 542, पुलिस महिला सिपाही के 1100 और सब इंस्पेक्टर के पुरुष और महिला पदों के 465 पदों के लिए दौड़ और फिजिकल माप तोल प्रक्रिया शुरू होगी. उन्होंने इस बात की भी जानकारी दी कि इन तीनों पदों के लिए अंतिम परिणाम 15 नवंबर 2021 तक घोषित कर दिए जाएंगे और यह प्रक्रिया 20 दिन तक चलेगी.
आगे जानकारी देते हुए आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि 29, 30, 31 अक्टूबर 2021 को पुलिस पुरुष सिपाही पद के लिए लिखित परीक्षा होगी. 14 नवंबर 2021 को पीजीटी संस्कृत पद के लिए लिखित परीक्षा होगी. इसके अलावा 11 और 12 दिसंबर को ग्राम सचिव, पटवारी और कैनाल पटवारी पदों के लिए संयुक्त परीक्षा आयोजित होगी.
हरियाणा में साल 2022 में होने वाली भर्तियां
अगले साल 2022 में होने वाली भर्तियों की जानकारी देते हुए अध्यक्ष गोपाल सिंह ने बताया कि 1 जनवरी 2022 से 31 मार्च 2022 तक पीजीटी के लगभग 15 हजार पदों, पुलिस पुरुष सिपाही के 5500 पदों और कुछ अन्य कैटेगरी के कम संख्या के लगभग 4500 पदों का अंतिम परिणाम 31 मार्च से 2022 तक घोषित कर दिया जाएगा.
