चंडीगढ़ | हरियाणा के लाखों युवा कॉमन पात्रता परीक्षा यानी CET के इंतजार में है. अभी तक सरकार द्वारा वन टाइम रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल ओपन नहीं किया गया है. युवाओं द्वारा लगातार नए सीईटी की मांग उठाई जा रही है. सरकार और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) परीक्षा को आयोजित करवाने की तैयारी में जुटे हुए हैं. इसे लेकर एचएसएससी के अध्यक्ष हिम्मत सिंह की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की गई थी.
जल्द होगी तारीखों की घोषणा
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान HSSC अध्यक्ष ने बताया था कि जल्द ही परीक्षा की तारीखों का ऐलान होगा. सरकार द्वारा पॉलिसी में संशोधन हो चुके हैं. संशोधन होने के बाद अब सामाजिक आर्थिक मानदंड के 5 अंक नहीं दिए जाएंगे. अब मेंस परीक्षा के लिए पदों के 10 गुना उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा पहले सिर्फ 4 गुना उम्मीदवारों को ही परीक्षा में बैठने का मौका मिला था, पर अभी तक आयोग द्वारा एजेंसी तय नहीं की गई है कि कौन सी एजेंसी परीक्षा का आयोजन करवाएगी.
होगा वन टाइम रजिस्ट्रेशन
पिछले दिनों आयोग ने परीक्षा केंद्रों की सूची भी मांगी थी. सीईटी के लिए सबसे पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन होना है, लेकिन आयोग ने अभी तक इसके लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन पोर्टल खोलने का भी निर्णय नहीं किया है. पिछली बार सीईटी आयोजन में प्रदेश सरकार और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने मिलकर काम किया था. तब भले ही एनटीए ने सीईटी का आयोजन कराया था पर एनटीए का चयन प्रदेश सरकार ने कराया था और तत्कालीन मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव ने एनटीए का सिलेक्शन करने में अहम भूमिका निभाई थी.
कब उपलब्ध होंगे परीक्षा केंद्र
ऐसे में इस बार भी प्रदेश सरकार और आयोग सीईटी आयोजन के लिए एजेंसी का फैसला करेंगे. सबसे पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन होना है. इस प्रोसेस में करीबन डेढ़ महीना लग सकता है. आयोग इस अवधि को कम भी कर सकता है. इसके अलावा, फरवरी- मार्च में सालाना परीक्षाएं होती हैं और उस समय परीक्षा – केंद्र सामान्य तौर पर उपलब्ध नहीं हो पाते हैं. ऐसे में अगर सीईटी का आयोजन जल्द- से- जल्द भी कराने का निर्णय हो, तो भी मार्च के लास्ट या अप्रैल के शुरू में परीक्षा केंद्र उपलब्ध हो सकते है.
क्यों हो रही परीक्षा में देरी?
मार्च में स्थानीय निकाय चुनाव भी होने हैं इसलिए सीईटी का आयोजन स्थानीय निकाय चुनाव के बाद ही संभावित है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य भूपेंद्र सिंह चौहान से शनिवार को पूछा कि आयोग द्वारा सीईटी कराने में देरी क्यों हो रही है और वन टाइम रजिस्ट्रेशन खोलने में क्या समस्या आ रही है, इस पर उन्होंने कहा कि आयोग तैयारी कर रहा है.
आयोग जल्द करेगा फैसला
अगले हफ्ते कोई आउटपुट देखने को मिल सकता है. उन्होंने कहा कि सीईटी की टाइमिंग और तारीख के बारे में आयोग जल्द फैसला करेगा. जब उनसे पूछा गया कि क्या फील्ड से परीक्षा केंद्रों की जानकारी मांगी है, तो उन्होंने कहा कि अभी कोई चिट्ठी नहीं भेजी है. एक बार सीईटी की तारीख तय हो जाए, फिर परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता और फिजिकल वेरिफिकेशन कराने की प्रक्रिया को किया जाएगा.
