चंडीगढ़ | हरियाणा के जो युवा सरकारी नौकरियों का इंतज़ार कर रहें है, अब उनका रास्ता साफ हो चुका है. मुख्य सचिव ने संशोधन के साथ सीईटी (संयुक्त पात्रता परीक्षा) नीति 2024 की नोटिफिकेशन जारी कर दी है. नए साल के मौके पर हरियाणा के युवाओं को यह तोहफा दिया गया है. नई पॉलिसी के तहत आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों को अतिरिक्त पांच अंक नहीं मिलेंगे. पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के फैसले के बाद इन अंकों को हटा दिया गया है.
सीईटी में शामिल नहीं होगी यह भर्ती
अब विज्ञापित पदों के अपेक्षा मुख्य परीक्षा के लिए सीईटी पास 10 गुना अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा. इससे पहले चार गुना उम्मीदवारों को परीक्षा में शामिल होने का मौका मिला था. पॉलिसी संशोधित होने के बाद जल्द सीईटी का शेडयूल जारी किया जाएगा. सीईटी दो साल से अटकी हुई है, सीईटी नीति में संशोधन पर 28 दिसंबर को हरियाणा कैबिनेट की बैठक में मुहर लग गई थी.
ग्रुप सी सीईटी के तहत हरियाणा पुलिस, कारागार विभाग और होमगार्ड की भर्ती भी शामिल होगी. पुलिस भर्ती में एनसीसी के अंक भी जोड़े जाएंगे. शिक्षक, भूतपूर्व अग्निवीर और ग्रुप डी के वे पद जिनकी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता कक्षा दसवीं से कम है, वे सीईटी से बाहर होंगे.
जनवरी में शुरू हो सकते हैं रजिस्ट्रेशन
सीईटी मार्च में हो सकता है, क्योंकि अभी तैयारियों के लिए सरकार को समय चाहिए होगा. फरवरी में निकाय चुनाव होने हैं, इसलिए सरकार पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में परीक्षा के लिए समय की मांग कर सकती हैं. हालांकि, रजिस्ट्रेशन जनवरी में शुरू हो सकते हैं. अब मुख्य सचिव कार्यालय की तरफ से HSSC को सीईटी की तैयारी के लिए पत्र लिखकर भेजा जाएगा. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से CET परीक्षा का सिलेबस भी जारी किया गया है. सीईटी ग्रुप सी के लिए दो पार्ट में पाठ्यक्रम होगा.
इस प्रकार रहेगा सिलेबस
पहले 75% प्रश्न सामान्य ज्ञान, रीजनिंग एबिलिटी , अंग्रेजी, हिंदी के साथ कंप्यूटर से जुड़े होंगे. 25% प्रश्न हरियाणा के इतिहास, करंट अफेयर्स, साहित्य, ज्योग्राफी और पर्यावरण से संबंधित रहेंगे. ग्रुप सी के लिए पेपर 12वीं कक्षा के लेवल का रहेगा व ग्रुप डी का पेपर कक्षा दसवीं तक के स्तर का रहेगा. सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 50% व एससी को 40% अंक लेने अनिवार्य होंगे.
आवेदकों को देना होगा इतना शुल्क
सीईटी के लिए 1000 रुपये फीस देनी होगी. यदि कोई अभ्यर्थी फिर से परीक्षा देने चाहता तो दोबारा फीस देनी होगी. उन अभ्यर्थियों की आधी फीस लगेगी, जो अपना पीपीपी या आधार कार्ड देंगे. परिवार पहचान पत्र या आधार कार्ड की इस सीमा के साथ हरियाणा के उम्मीदवारों के साथ-साथ दूसरे राज्यों के आवेदक भी शामिल होंगे. महिलाओं, पूर्व सैनिक, दिव्यांग व एससी/ बीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 25% ही फीस देनी होगी.
