चंडीगढ़ | अगर आप आईटीआई पास है और इन दिनों नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो हमारी यह खबर आपको जरूर देखनी चाहिए. आपको बता दें कि प्रधानमंत्री अप्रेंटिसशिप योजना के अंतर्गत आगामी 9 फरवरी को सिरसा और नरवाना में एक विशाल प्रधानमंत्री अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया जा रहा है. यह मेला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नरवाना के परिसर में व राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिरसा में आयोजित किया जाएगा.
मेले में पहुंच रही 30 औद्योगिक कंपनियाँ
नरवाना में इस मेले का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय के सहयोग से तथा प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल, आईटीआई नरवाना द्वारा संयुक्त रूप से हो रहा है, जिसमें देश की करीबन 30 प्रतिष्ठित औद्योगिक कंपनियाँ हिस्सा लेंगी.
आईटीआई नरवाना के प्रधानाचार्य ओमपाल ने बताया कि मेले में भाग लेने वाली मुख्य कंपनियों में माशू ब्रेक्स लिमिटेड (रोहतक एवं बहादुरगढ़), शिवम ऑटोटेक लिमिटेड (रोहतक), एम.टी. ऑटोकाफ्ट (रोहतक), ट्राइकोलाइट (झज्जर), जेबीएम (खरखौदा), योकोहामा (बहादुरगढ़), टासे (मानेसर), यूनो मिंडा (बहादुरगढ़), यजाकी (गुरुग्राम), सवराज-महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप (अंबाला/मोहाली), एशियन (रोहतक), हीरो मोटोकॉर्प (नीमराना) सहित अन्य नामी औद्योगिक इकाइयाँ शामिल हैं.
उठाएं मौके का लाभ
इस अप्रेंटिसशिप एवं प्लेसमेंट ड्राइव में 10वीं, 12वीं अथवा आईटीआई के किसी भी ट्रेड-जैसे फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर, कारपेंटर, पेंटर, ट्रैक्टर मैकेनिक,मोटर मैकेनिक, इलेक्ट्रीशियन आदि- से पासआउट युवक एवं युवतियाँ शामिल हो सकते हैं. मेले में हिस्सा लेने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए.
आईटीआई नरवाना के प्रधानाचार्य ओमपाल द्वारा सभी योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने मूल प्रमाण-पत्रों एवं जरूरी दस्तावेजों के साथ समय पर मेले में उपस्थित हो व इस अवसर का लाभ उठाएँ. वहीं, जिला रोजगार अधिकारी अंजू नरवाल की तरफ से भी आह्वान किया गया है कि ज्यादा से ज्यादा अभ्यर्थी इस प्रधानमंत्री अप्रेंटिसशिप मेले में भाग लेने पहुँचे.
9 फरवरी को लगेगा मेला
यह अप्रेंटिसशिप मेला एक ऐसी पहल है जिससे युवा प्रतिष्ठित उद्योगों से जुड़ेंगे व प्रशिक्षण हासिल करके अपने लिए रोजगार सुनिश्चित करेंगे. वहीं, सिरसा में कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय भारत सरकार तथा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा के निर्देशानुसार 9 फरवरी को प्रातः 10 बजे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिरसा में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता एवं रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा. राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य कम सहायक शिक्षुता सलाहकार राकेश शर्मा ने जानकारी दी कि इस मेले में हिस्सा लेने 15 कंपनियां पहुंच रही है.
आएँगी ये कंपनियां
इनमें डेंसो हरियाणा प्राइवेट लिमिटेड गुरुग्राम, यूएनओ मिंडा प्राइवेट लिमिटेड बहादुरगढ़, ऐसिन ऑटोमोटिव हरियाणा प्राइवेट लिमिटेड रोहतक, यूएनओ मिंडा ईवी सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड गुरुग्राम, श्रीराम पिस्टन्स एंड रिंग्स लिमिटेड पाथरेड़ी – राजस्थान, हैनॉन क्लाइमेट सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड भिवाड़ी राजस्थान, एल एंड टी कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग एंड फैक्ट्रीज हापुड़ उत्तर प्रदेश, सिरमा एसजीएस गुरुग्राम, ऑटोलिव इंडिया प्राइवेट लिमिटेड झज्जर, सीएनएच इंडस्ट्रियल (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड (न्यू हॉलैंड) ग्रेटर नोएडा, इंडिया यामाहा मोटर प्राइवेट लिमिटेड ग्रेटर नोएडा, पीएस मैन्युफैक्चरिंग लिमिटेड – सिरसा, डिवाइन एरा स्टूडियो एंड एकेडमी सिरसा, शिल्पा मेकओवर स्टूडियो एंड एकेडमी सिरसा, इंडसइंड निप्पॉन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड सिरसा शामिल है.
उन्होंने बताया कि ये कंपनियां शिक्षुता प्रशिक्षण एंव रोजगार के लिए युवाओं का चयन करेंगी. इस मेले में 10वीं, 12वीं तथा आईटीआई पास शुद्धा छात्र-छात्राएं रोजगार व शिक्षुता के लिए शामिल हो सकते हैं.
