चंडीगढ़ | हरियाणा के युवा लगातार CET परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) भी कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) की तैयारी में जुटा हुआ है. इसके लिए पहले सभी प्रकार की कमियों को दूर करने की कोशिश की जा रही है, ताकि पोर्टल खोलने पर किसी तरह की कोर कसर शेष न रहे. आयोग के अधिकारी इस बारे में कई बैठकें कर चुके हैं.
बैठकों का दौर जारी
बीते तीन दिनों से लगातार बैठकों का दौर जारी है. आयोग ने कर्मचारियों को छुट्टी न लेने की हिदायत भी दी है, ताकि तैयारियों में कोई बाधा न आए. सूत्रों की मानें तो एचएसएससी सीईटी को लेकर अब विज्ञापन जारी करने की प्लानिंग कर रहा है. विज्ञापन के जारी होते ही पोर्टल को लगभग 15 दिन के लिए खोला जा सकता है. सूत्रों के अनुसार, ग्रीष्मकालीन अवकाश से ठीक पहले आयोग इस परीक्षा को पूरा करना चाहता है, क्योंकि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान स्टाफ को परेशानी बढ़ सकती है.
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी भी जल्द करेंगे बैठक
ऐसे में प्रबल संभावना है कि सीईटी को मई के आखिरी हफ्ते से ठीक पहले करा लिया जाएगा. अब नई तारीख 25 मई से पहले आने वाले शनिवार या रविवार को हो सकती है, मगर जब तक विज्ञापन जारी नहीं होता, तब तक तारीख भी निर्धारित नहीं होगी. दूसरी तरफ परीक्षा को लेकर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी भी शीघ्र ही सभी जिलों के DC व SP के साथ बैठक करेंगे. इसमें अब तक तैयार किए गए करीब 2300 सेंटरों की डिटेल व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंथन किया जाएगा.
परीक्षा से एक हफ्ते पहले लग जाएंगे CCTV
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन एडवोकेट हिम्मत सिंह पिछले 3 दिनों से निरंतर अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रहे हैं. आयोग की तरफ से परीक्षा की तैयारी को लेकर रिपोर्ट बनाकर जल्द ही मुख्य सचिव को भेजी जाएगी. इसके बाद, मुख्य सचिव अफसरों के साथ बैठक करेंगे. संभावना है कि इसी दौरान परीक्षा की तिथि की भी घोषणा कर दी जाए. आयोग के सूत्रों का कहना है कि जो भी एजेंसी यह परीक्षा कराएगी, उसकी तरफ से परीक्षा से ठीक एक हफ्ते पहले सभी 2300 सेंटरों पर सीसीटीवी लगा दिए जाएंगे.
15 मई के आसपास परीक्षा होने की संभावना
एक सप्ताह पहले से ही परीक्षा की हर तरह से तैयारी को लेकर टीमें हर जिले में नियुक्त कर दी जाएंगी. सभी डीसी को कंट्रोलिंग अफसर नियुक्त किया जाएगा, ताकि हर प्रकार से सुरक्षा बनी रहे. सीईटी में कुल मिलाकर 16 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हो सकते हैं. इसी क्षमता कों ध्यान में रखते हुए सभी जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. इनमें 2300 परीक्षा केंद्र शामिल हैं. चंडीगढ़ में भी अबकी बार परीक्षा करवाने की तैयारी की जा रही है. ऐसे में बहुत संभव है कि मई के दूसरे हफ्ते यानी 15 मई के आस- पास यह परीक्षा हो सकती है.
