पंचकूला | हरियाणा में हाल ही में नवनियुक्त हुए पटवारियों को बधाई देने के लिए एक समारोह का आयोजन किया गया था. इस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) भी पहुंचे और उन्होंने सभी नवनियुक्त पटवारियों को बधाई दी. इस दौरान मुख्यमंत्री ने इन्हें एक बड़ा तोहफा भी दिया. आपको बता दें कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से ऐलान किया गया है कि पटवारी का ट्रेनिंग पीरियड अब सिर्फ 1 साल का रहेगा.
अब 1 साल का होगा ट्रेनिंग पीरियड
पहले यह ट्रेनिंग पीरियड डेढ़ साल का था जिसे घटाकर अब 1 साल का कर दिया गया है. इस प्रकार सीएम ने सभी पटवारियों को एक बड़ी राहत दी है. सीएम नायब सैनी ने नवनियुक्त पटवारियों को बधाई देते हुए घोषणा की कि ज्वाइनिंग के बाद पटवारियों की जो ट्रेनिंग 1.5 साल थी, वह अब 1 साल कर दी जाएगी. यह ट्रेनिंग की अवधि आपकी सेवा में ही शामिल की जाएगी. जिस दिन पटवारी की जॉइनिंग होगी, उस दिन से ही आपकी सेवा शुरू हो जाएगी.
अपनी मेहनत से हासिल की युवाओं ने नौकरी
सीएम सैनी ने पंचकूला में नव चयनित पटवारियों के स्टेट लेवल कार्यक्रम में यह घोषणा की. उन्होंने बताया कि बच्चों ने अपनी मेहनत से यह नौकरी हासिल की है. आज काबिलियत के दम पर युवा नौकरी हासिल कर रहे हैं. मैंने युवाओं को नौकरी का जो वादा किया था, वह निभाया है. इस प्रकार अब पटवारी की ट्रेनिंग सिर्फ 1 साल की रहेगी. सरकार के इस फैसले से पटवारियों को भी बड़ी राहत मिली है.
