चंडीगढ़ | हरियाणा में कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) की प्रतीक्षा कर रहे 16 लाख युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है. हरियाणा सरकार अगले साल फरवरी के लास्ट में परीक्षा कराने की तैयारी कर रही है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) युवाओं की शिकायतों के समाधान के लिए जनवरी में पोर्टल खोलेगा. सोमवार को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने प्रेसवार्ता की.
जल्दी शुरू होगी 8922 भर्तियों की प्रक्रिया
इस प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने इस बारे में जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आयोग की भर्तियों से संबंधित 2,800 केस लंबित हैं, उनके लिए जनवरी में समाधान कैंप लगाए जाएंगे. आयोग की तरफ से विज्ञापित 8,922 भर्तियों की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी. इनमें 5,000 पुरुष पुलिसकर्मी, 600 महिला पुलिसकर्मी, 66 जिला अन्य पुलिस कर्मी, जबकि 2,811 पदों के लिए 11 भर्तियां की जानी है.
10वीं कक्षा पास करते ही करना होगा रजिस्ट्रेशन
इनके एग्जाम शेड्यूल जारी हुए थे, मगर हो नहीं पाए. इन सबकी प्रक्रिया जल्द शुरू होगी. 10वीं कक्षा पास करते ही युवा को आयोग के पास रजिस्ट्रेशन कराना होगा. योग्यता के मुताबिक, आवेदन के लिए मैसेज भेजा जाएगा. चेयरमैन का कहना है कि आयोग ने इस वर्ष कुल 56,830 अभ्यर्थियों के रिजल्ट घोषित किए इनमें 56 दिन में 36 हजार परिणाम घोषित किए गए हैं. जनवरी में आयोग की तरफ से ग्रीवेंस पोर्टल भी खोला जाएगा.
जनवरी में जारी होगी ग्रुप डी की वेटिंग लिस्ट
चेयरमैन ने कहा कि जनवरी के दूसरे या तीसरे हफ्ते में ग्रुप डी व टीजीटी की वेटिंग लिस्ट जारी कर दी जाएगी. इसके अलावा, JBT के लिए स्क्रूटनि शुरू होगी. अध्यक्ष ने कहा कि परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया जाएगा. इसके लिए आयोग द्वारा काम किया जा रहा है.
