चंडीगढ़ | अमेरिका के बोस्टन शहर में 4- 6 अगस्त तक नेशनल कांफ्रेंस ऑफ स्टेट लेजिस्लेचर्स (NCSL) सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें भारत के 24 राज्यों के 21 विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के 130 विधायक शिरकत करेंगे. इनमें हरियाणा से भी 12 विधायक इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. इसके अलावा, पूरी दुनिया से 6 हजार से ज्यादा विधायक इस सम्मेलन में शामिल होंगे. इस सम्मेलन को दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक मंच की संज्ञा दी गई है.

हरियाणा से यह विधायक जाएंगे अमेरिका
अमेरिका में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में हरियाणा से सत्तासीन बीजेपी पार्टी के विधायकों के अलावा कांग्रेस और INLD के विधायक भी शामिल होंगे. बीजेपी की ओर से सोनीपत विधानसभा क्षेत्र से विधायक निखिल मदान, पुंडरी से सतपाल जांबा व रेवाड़ी से अनिल राव जबकि कांग्रेस पार्टी की ओर से थानेसर से विधायक अशोक अरोड़ा, मेवात से आफताब अहमद, रोहतक से भारत भूषण बत्रा, महम से बलराम डांगी, कैथल से आदित्य सुरजेवाला, बड़ौदा से इंदूराज नरवाल और जगाधरी से अकरम खान हिस्सा लेंगे. वहीं, INLD से डबवाली से विधायक आदित्य देवीलाल और गन्नौर से निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान इस सम्मेलन में भाग लेने अमेरिका जाएंगे.
कई मुद्दों पर होगी चर्चा
इस सम्मेलन का उद्देश्य विधायकों की क्षमता निर्माण और वैश्विक स्तर पर लोकतांत्रिक संवाद को बढ़ावा देना है. इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल डेमोक्रेसी, साईबर सुरक्षा, मतदाताओं का विश्वास, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी. इसके अलावा, विधायकों को एक- दूसरे की विधायी प्रणाली को समझने का सुनहरा अवसर मिलेगा.
थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि विश्व पटल पर हरियाणा और हिंदुस्तान का प्रतिनिधित्व करने से बड़े गौरव की बात और क्या हो सकती है. यह यात्रा अच्छे वैश्विक शासन मॉडल को सीखकर उसे अपने विधानसभा क्षेत्र में लागू करने का मौका है. इससे विधायकों को अपने कर्तव्यों का बोध भी होगा.