चंडीगढ़ | हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने तीसरे कार्यकाल का 17 अक्टूबर यानि आज 1 वर्ष पूरा कर रही है, जिसके उपलक्ष्य में सूबे के सभी जिलों में समारोह का आयोजन किया जाएगा. जिला स्तर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में राज्य सरकार के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
प्लाट वितरित करेगी सरकार
आज होने वाले इन जिलास्तरीय कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के लाभार्थियों को पूरे प्रदेश में 50 से 100- 100 गज के प्लाटों के अलाटमेंट लेटर वितरित किए जाएंगे. 9 हजार के आसपास लाभार्थियों को यह अलाटमेंट लेटर दिए जाएंगे. सीएम नायब सैनी स्वयं पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में लाभार्थियों को इस योजना के तहत अलाटमेंट लेटर वितरित करेंगे.
मंत्रियों और सांसदों की लगाई ड्यूटी
मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के तहत केंद्रीय उर्जा एवं आवास मंत्री मनोहर लाल खट्टर फरीदाबाद में लाभार्थियों को प्लाटों के अलाटमेंट लेटर वितरित करेंगे. फरीदाबाद लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर पलवल, हरियाणा विधानसभा स्पीकर हरविंदर सिंह कल्याण करनाल, डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिढ्ढा जींद, बिजली मंत्री अनिल विज अंबाला, पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पवार पानीपत, शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा सोनीपत और उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह गुरुग्राम में अलाटमेंट लेटर वितरित करेंगे.
PWD मंत्री रणबीर गंगवा, राजस्व एवं आपदा मंत्री विपुल गोयल विपुल गोयल नूंह, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा यमुनानगर, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी भिवानी, सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी सिरसा, स्वास्थ्य मंत्री आरती राव रेवाड़ी, खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर झज्जर और खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम कैथल में अलाटमेंट लेटर वितरित करेंगे.
