चंडीगढ़ | देश पर प्राण न्योछावर करने वाले जवानों को सम्मान देने की दिशा में हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है. अब राज्य के 75 स्कूलों का नाम वीर जवानों के नाम पर किया जाएगा. समाज में सेवा की भावना को बढ़ावा देने और विकासात्मक पहलुओं को एक जन आंदोलन के रूप में बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक राज्य व्यापी सेवा पखवाड़े का आयोजन होगा.
नामकरण की लिस्ट
जल्द ही नामकरण की लिस्ट को प्रशासन को भेजा जाएगा. 10 दिनों के अंदर इस प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा. स्कूलों का नाम स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर करने का यह कार्य आयोजन प्रारंभ होने से पहले किया जाएगा. शनिवार को राज्य के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने इसकी तैयारी की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की.
राज्य भर में होंगे कार्यक्रम
हर रोज इस अभियान के तहत राज्य भर में कार्यक्रमों का आयोजन होगा. हर रोज मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे, वहीं बाकी जिलों में मंत्री इस प्रकार के कार्यक्रमों की अगुवाई करेंगे. 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती है.
इसे देखते हुए प्रदेश भर में सैनिकों की भागीदारी के साथ प्लास्टिक मुक्त अभियान और स्वच्छता अभियान की शुरुआत की जाएगी. इसके अलावा, सभी स्कूलों और कॉलेज में निबंध लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, चित्रकला, रंगोली और अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन करवाया जाएगा.
