चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने सीनियर सिटिजन हाउसिंग कॉलोनियों के लिए अहम फैसला लिया है. राज्य सरकार ने शहरी क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित कॉलोनियों में अब फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) को 2.25% से बढ़ाकर 3.0 कर दिया है. इस निर्णय का उद्देश्य बुजुर्गों के लिए बेहतर और अधिक सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराना है. FAR बढ़ने से अब एक ही प्लांट में पहले के मुकाबले अधिक निर्माण किया जा सकेगा, इससे बड़े और आधुनिक घर आराम से बनाए जा सकेंगे.

वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं
सरकार का कहना है कि इन बदलावों से वरिष्ठ नागरिक अधिक बेहतर सुविधाओं के साथ रिटायरमेंट कॉलोनियों में रह सकेंगे. बढ़ती उम्र के साथ लोगों को जरूरतें भी बढ़ जाती है. इससे उन्हें खुली जगह, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और रहने के लिए आरामदायक माहौल मिलेगा. FAR बढ़ने से डेवलपर्स को अधिक फ्लोर स्पेस मिलेगा, इससे वे लिफ्ट, स्वास्थ्य संबंधी सेंटर, पार्क एवं जिम जैसी अन्य सुविधाएं विकसित कर सकेंगे.
रियल एस्टेट सेक्टर को बढ़ावा
सरकार के इस निर्णय से रियल एस्टेट सेक्टर को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है. बिल्डर्स अब सीनियर सिटीजन प्रोजेक्ट्स में ज्यादा निवेश करने की तरफ आकर्षित होंगे, जिससे इस क्षेत्र में नई परियोजनाएं शुरू हो सकती है. इसके साथ ही, बुजुर्गों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस आवासों की उपलब्धता भी बढ़ेगी.
ब्रिक्स चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री नई दिल्ली ने सरकार से इस बदलावों की मांग की थी. इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने हरियाणा शहरी क्षेत्र विकास एवं विनियम अधिनियम -1975 के अंतर्गत लाइसेंस प्रदान करके नियोजित रिटायरमेंट हाउसिंग पॉलिसी में बदलाव को मंजूरी दी है. सरकार का यह कदम हरियाणा में वृद्धजन- अनुकूल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा.