चंडीगढ़ | सरकार ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) को ग्रुप सी के बचे हुए 1261 पदों का विज्ञापन वापस लेने के लिए अनुमति दे दी है. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से 13 ग्रुपों के 1261 पदों को वापस लिया जाएगा. आयोग द्वारा इन पदों के लिए सीईटी 2025 के बाद फिर से विज्ञापन जारी किया जाएगा.
इस प्रस्ताव पर स्वीकृति
जो उम्मीदवार पुराने विज्ञापन के तहत योग्य थे, वे नए विज्ञापित पदों के लिए भी योग्य रहेंगे. आयोग ने इन पदों का विज्ञापन वापस लेने का प्रस्ताव सरकार के पास भेज दिया था. सरकार ने इस प्रस्ताव पर स्वीकृति दे दी. अब हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से कभी भी इन विज्ञापित पदों को वापस लेने का नोटिस जारी किया जा सकता है.
जल्द भेजी जाए चयन सूची
दूसरी तरफ प्रदेश सरकार ने HSSC को ग्रुप डी के 4,246 खाली पदों की लिस्ट भेजी है. सरकार ने आयोग से कहा है कि इन पदों के लिए जितना जल्दी हो सके सिलेक्शन लिस्ट भेजी जाए. अब कर्मचारी चयन आयोग फैसला करेगा कि ग्रुप डी के ये 4246 पद विज्ञापित किए जाएं और इनके लिए आवेदन मांगे जाएं या जो भर्ती पहले ही चल रही है, उनके लिए जिन उम्मीदवारों ने आवेदन किया हुआ है. उनमें से ही सीईटी अंकों के आधार पर मेरिट सूची बनाकर चयन सूची भेज दी जाए.
सरकार की तरफ से आयोग को जो पत्र भेजा गया है. उसके विषय में तो पुनर्विज्ञापन लिखा है, लेकिन पत्र में सिर्फ खाली पदों की संख्या की कैटेगरी अनुसार संख्या और जल्द चयन सूची भेजने को कहा गया है. ऐसे में ग्रुप डी पदों पर भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं को जल्द ही राहत मिलने वाली है.
