चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार स्कूली बच्चों की आर्थिक सहायता के लिए निरंतर प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में सरकार ने विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सरल हरियाणा पोर्टल पर ‘हर छात्रवृत्ति पोर्टल’ नाम से नई सुविधा की शुरुआत की है. इस सुविधा के माध्यम से अब 1.80 लाख से 8 लाख रुपए तक वार्षिक आय वाले परिवार भी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे.
परिवार पहचान पत्र (PPP) के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले कई ऐसे परिवार थे, जिनकी वार्षिक आय 2.5 लाख रुपए से अधिक होने के कारण उनके बच्चों को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था.
मान्य आय प्रमाण पत्र जारी
नई व्यवस्था लागू होने से ऐसे परिवार अब ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और बच्चों के लिए मान्य आय प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा. उन्होंने बताया कि जारी किए जाने वाले आय प्रमाण पत्र में वार्षिक आय सीमा 2.5 लाख रूपए दिखाई जाएगी, जो विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए मान्य होगी. इससे उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी जो आय सीमा के कारण अब तक योजनाओं से वंचित रह जाते थे.
विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद
वर्तमान में सरल पोर्टल पर आय श्रेणी के तहत जारी आय प्रमाण पत्र ही छात्रवृति योजनाओं के लिए मान्य है. अभी तक पोर्टल पर नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के आवेदन के लिए कोई अलग श्रेणी का प्रावधान नहीं है, इसीलिए इसी श्रेणी के अंतर्गत जारी आय प्रमाण पत्र को मान्य माना जाएगा. सरकार की इस पहल से प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है जो अब तक आय अधिक होने के कारण छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे थे.
