चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026- 27 के दौरान छठी कक्षा के विषयों में कुछ बदलाव किए गए है. बता दें कि छठी कक्षा के सिलेबस में 3 विषय ओर जोड़ दिए गए है. इसका लक्ष्य बच्चों को पढ़ाई तक सीमित न रखते हुए उन्हें खेल, रचनात्मकता और करियर की समझ देना है.
हरियाणा में SCERT ने की पहल
यह पहल राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद ( SCERT) की ओर से की जा रही है. इसके लिए संगठन ने तैयारिया शुरू कर दी है. यह संगठन भारत में स्कूली शिक्षा के पाठ्यक्रम, पाठ्य पुस्तकों के विकास और प्रशिक्षण के लिए जिम्मेदार राज्य स्तरीय संगठन है. यह 3 किताबें स्कूल में हर बच्चे के लिए जरूरी होगी और इसके लिए स्कूल में अलग से पीरियड भी लगेगा.
3 किताबों में ये रहेगा खास
- नई बुक खेल यात्रा में बच्चों को पढ़ाई के साथ- साथ व्यायाम, खेल- कूद और फिटनेस से जोड़ा जाएगा. इससे बच्चों की खेल के प्रति जागरूकता बढ़ेगी. व्यायाम से बच्चे स्वस्थ जीने का तरीका और अच्छी आदतें अपनाएंगे.
- कृति बुक में उन्हें ड्रामा, डांस और थिएटर सहित 8 अलग कलाओं के बारे में सिखाया जाएगा. इस नए विषय से छात्र अपनी रचनात्मक योग्यता के बारे में जान सकेंगे. इसके अलावा, उनकी स्कूल व समाज के बारे में भी जानकारी बढ़ेगी.
- तीसरी बुक व्यावसायिक शिक्षा पर आधारित होगी. इसमें छात्रों को व्यावसायिक क्षेत्रों के बारे में जानकारी दी जाएगी. इससे उन्हें जानकारी मिलेगी कि आगे भविष्य में किस विषय में उनकी क्षमता अधिक है. अब तक 9वीं कक्षा में यह बुक लगती आई है, लेकिन अब छात्रा छठी कक्षा में इसे पढ़ सकेंगे.
