चंडीगढ़ | हरियाणा में आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर के खाली पड़े पदों पर जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी. मुख्यमंत्री नायब सैनी (Nayab Saini) ने 7 हजार से ज्यादा पदों पर आंगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया को अपनी मंजूरी प्रदान कर दी है. बता दें कि आंगनबाड़ी वर्करों के 2,549 और हेल्परों के 4,439 पद खाली पड़े हैं.
विधानसभा में उठाया था मामला
बजट सत्र के दौरान विधानसभा में कांग्रेस विधायक पूजा चौधरी ने सवाल उठाया था कि आंगनबाडियों, प्ले- वे में हेल्परों, वर्करों और सुपरवाइजरों की जिलेवार पदों की मंजूरी और वर्तमान में संख्या कितनी हैं और खाली पड़े पदों पर कब तक भर्ती करने की संभावना है. इसके जवाब में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने जल्द ही खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की बात कही थी.
श्रुति चौधरी ने बताया था कि महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी वर्करों और हेल्परों के खाली पदों को भरने का प्रस्ताव विभाग के पास काफी दिन से विचाराधीन था लेकिन भारत सरकार के अगस्त 2022 के दिशा- निर्देशों के मद्देनजर नियुक्ति के लिए सिलेक्शन क्राइटेरिया के कारण भर्ती प्रक्रिया लटक गई थी.
101 सुपरवाइजरों की भर्ती अटकी
हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) द्वारा सुपरवाइजरों के रिक्त पदों पर भर्ती की जाती है. विभाग द्वारा पहले ही दिसंबर 2022 और जून 2024 में HSSC को 101 रिक्त पदों की मांग भेजी जा चुकी है. जैसे ही वहां से नियुक्ति की अनुशंसा प्राप्त होगी, सुपरवाइजरों के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा.
