चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) गांव को भी शहरों की तर्ज पर विकसित करने की दिशा में निरंतर काम कर रही है. अब गांव के रुके हुए विकास कार्यों को पंख लग पाएंगे, इसलिए ग्राम पंचायत को सरकार द्वारा बजट जारी किया जाएगा. इस विषय में जानकारी देते हुए पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि अब प्रदेश का कोई भी गांव बिना पंचायत भवन के नहीं रहेगा. सरकार इसके लिए कार्य कर रही है.
125 करोड़ की राशि जारी
केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश के 509 गांवों को चयनित किया गया है. यहां पंचायत भवन बनाने के लिए 125 करोड़ रुपए की राशि भी प्रदान कर दी गई है. मंत्री ने जानकारी दी कि पंचायत भवनों की ड्राइंग केंद्र द्वारा तैयार की गई है. हर पंचायत भवन में 21 लाख रुपए कंस्ट्रक्शन और 4 लाख रुपए फर्नीचर हेतु सरपंच के खातों में डायरेक्ट ट्रांसफर किए जाएंगे.
2000 गांवों में बनेगी ई- लाइब्रेरी
हरियाणा सरकार ग्रामीण अंचल में विकास को नए आयाम दे रही है और भविष्य में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सैनी चाहते हैं कि राज्य के हर गांव में ई- लाइब्रेरी स्थापित हो. इस दिशा में भी सरकार कार्यरत है. इस योजना को जल्द ही धरातल पर उतारा जाएगा. राज्य के 2000 गांवों में जल्दी ही ई- लाइब्रेरी बनाई जाएगी, ताकि बच्चों को उज्जवल भविष्य सुनिश्चित किया जा सके.
