चंडीगढ़ | दक्षिण हरियाणा के कई जिलों में आज फिर भूकंप से धरती दहला उठी. सुबह- सुबह रेवाड़ी और गुरुग्राम में भूकंप के झटकें महसूस किए गए. लोगों को भूकंप से घरों में पंखे हिलते हुए दिखाई दिए जिसके बाद लोग सहम उठे और घरों से बाहर निकल आए.

नेशनल सेंटर ऑफ सिसमोलॉजी (NCS) के अनुसार भूकंप का प्रमुख केंद्र रेवाड़ी रहा. यहां भूकंप की तीव्रता 2.8 आंकी गई है. भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर 5 किलोमीटर था. सुबह 7 बजकर 1 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए.
भूकंप आने की वजह
हमारी धरती की सतह मुख्य तौर पर 7 बड़ी और कई छोटी-छोटी टेक्टोनिक प्लेट्स से मिलकर बनी है. ये प्लेट्स लगातार तैरती रहती हैं और कई बार आपस में टकरा जाती हैं. टकराने से कई बार प्लेट्स के कोने मुड़ जाते हैं और ज्यादा दबाव पड़ने पर ये प्लेट्स टूटने लगती हैं. ऐसे में नीचे से निकली ऊर्जा बाहर की ओर निकलने का रास्ता खोजती है और इस डिस्टर्बेस के बाद भूकंप आता है.
जमीन के नीचे फॉल्ट लाइन
भूकंप विज्ञान केंद्र के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड के देहरादून से लेकर हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले तक जमीन के नीचे एक फॉल्ट लाइन है. इसमें जब प्लेट्स हिलती है तो इनके आपस में टकराने से कंपन पैदा होती है जिससे भूकंप के झटकें महसूस होते हैं. भूकंप के लिहाज से हरियाणा के एक दर्जन जिले संवेदनशील क्षेत्र में आते हैं.