चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार द्वारा 4 महीने पहले की गई बिजली दरों में बढ़ोतरी के बाद अब उपभोक्ताओं को एक और जोरदार झटका दिया है. विभाग द्वारा बिजली निगमों में जमा कराई गई सिक्योरिटी राशि के बदले उपभोक्ताओं को मिलने वाले ब्याज में कटौती कर दी गई है.
ब्याज दरों में कटौती
वित्त वर्ष 2023- 24 के लिए जहां सिक्योरिटी राशि के बदले 6.75% सालाना की दर से ब्याज का भुगतान किया जाता था, तो वहीं मौजूदा वित्तीय वर्ष में 6.50% सालाना की दर से ब्याज दिया जाएगा. यानि ब्याज में 0.25% की कटौती हुई है.
संशोधन के आदेश जारी
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) के मुख्य अभियंता (वाणिज्य) ने साल 2025- 26 के लिए ब्याज दरों में संशोधन के आदेश जारी कर दिए हैं. सभी एक्सईएन- एसडीओ व जेई को लिखे पत्र के मुताबिक ब्याज राशि का समायोजन उपभोक्ता के पहले बिलिंग चक्र में किया जायेगा.
इस पत्र में लिखा गया है कि यदि समय पर यह राशि समायोजित नहीं की जाती है, तो निगम 18% वार्षिक ब्याज दर के साथ भुगतान करेगा. सिक्योरिटी राशि पिछले वित्तीय वर्ष में दर्ज औसत मासिक बिल राशि के दोगुने के बराबर होती है.
