चंडीगढ़ | हरियाणा आत्मनिर्भर वस्त्र नीति 2022- 25 की सफलता के बाद हरियाणा सरकार (Haryana Govt) ने इस योजना के विस्तार में एक साल की बढ़ोतरी कर दी है. मंगलवार को हुई हरियाणा मंत्रिमंडल की मीटिंग में इसे मंजूरी देने के साथ उस सीमा को भी हटा दिया है, जिसमें 86 टेक्सटाइल इकाइयां ही वित्तीय प्रोत्साहन के लिए पात्र थीं.
20000 लोगों को मिलेगा रोजगार
सरकार का दावा है कि इस कदम से राज्य में 2,700 करोड़ रुपये का इन्वेस्टमेंट किया जाएगा और 20 हजार लोगों को रोजगार प्राप्त होगा. मंत्रिमंडल की बैठक में छह एजेंडों को हरी डंडी दी गई है. मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि राज्यभर के उद्यमियों से प्राप्त शानदार रिस्पांस के बाद इस योजना की संचालन अवधि को एक वर्ष बढ़ाकर 18 दिसंबर 2026 तक करने का फैसला लिया गया है.
108 प्रोजेक्टों को मिल चुकी मंजूरी
3 साल की अवधि में इसमें 1,800 करोड़ का निवेश हुआ है. 10 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया है. इसके साथ ही, 108 प्रोजेक्टों को मंजूरी दी चुकी है. इस स्कीम के तहत 8 प्रोत्साहन योजनाएं तैयार की गई थीं. इन सभी योजनाओं में 354 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 367.51 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता वाले 108 आवेदनो को पहले ही स्वीकृति दी जा चुकी है.
सीएम ने कहा कि बजट से पहले जब वह टेक्सटाइल व्यापारियों से मिले थे, तो उन्होंने इसकी मांग रखी थी. आवेदन के लिए बनाए गए ऑनलाइन पोर्टल के बंद होने के बाद भी करीबन 50 नए आवेदन अभी पाइपलाइन में हैं.
