चंडीगढ़ | हरियाणा में बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. सूबे के बिजली मंत्री अनिल विज ने राज्य में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर ताजा जानकारी साझा की है. उन्होंने बताया कि पहले चरण में सरकारी अधिकारी/ कर्मचारी, विधायक, सांसद, मंत्री और मुख्यमंत्री आवासों पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे. इसके बाद, आम उपभोक्ताओं तक इस योजना का विस्तार किया जाएगा.
बिजली मंत्री विज ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने के लिए जल्द ही टेंडर जारी होंगे. उन्होंने बताया कि इसके अलावा सोसायटियों में भी प्रत्येक व्यक्ति को स्मार्ट मीटर देने के संबंध में विचार चल रहा है.
सुविधा अनुसार चुन सकेंगे विकल्प
मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज ने बताया कि बिजली उपभोक्ताओं को मोबाइल सिम कार्ड की तर्ज पर प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों ही विकल्प उपलब्ध कराए जाएंगे. जिस प्रकार से हम प्रीपेड या पोस्टपेड सिम कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, उसी तरह बिजली मीटर में भी उपभोक्ता अपनी सुविधानुसार विकल्प का चुनाव कर सकेंगे.
स्थापित होंगे सोलर पावर हाउस
उन्होंने बताया कि गांवों में सोलर पावर हाउस स्थापित करने के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है. इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर जल्द ही शुरू किया जाएगा. मंत्री अनिल विज ने कहा कि यदि हरेक गांव के बिजली लोड की गणना कर उतनी क्षमता का सोलर पैनल हाउस स्थापित कर दिया जाए तो गांव आत्मनिर्भर बनेंगे और हरियाणा बिजली क्षेत्र में सरप्लस बन जाएगा. इससे सस्ती दरों पर भी बिजली उपलब्ध होगी, क्योंकि सौर ऊर्जा की लागत कम हैं.
