चंडीगढ़ | हरियाणा में नए साल पर संपत्ति खरीदने की प्लानिंग कर रहे लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने इस महीने के आखिरी दिनों में साल की बहुत बड़ी ई- नीलामी आयोजित करने की घोषणा की है. इस नीलामी में आवासीय, वाणिज्यिक और संस्थागत संपत्तियों के लिए नीलामी की जाएगी.

ई- नीलामी का इस तरह रहेगा शेड्यूल
HSVP के प्रवक्ता ने अलग- अलग श्रेणियों के लिए अलग- अलग नीलामी तिथियां घोषित की है. बता दें कि 28 जनवरी को सभी क्षेत्र के आवासीय और वाणिज्यिक संपत्तियों के साथ – साथ नर्सिंग होम, क्लिनिक और स्कूलों के लिए नीलामी होगी. 29 जनवरी को गुरुग्राम और रोहतक क्षेत्र में आवासीय और वाणिज्यिक संपत्तियों के लिए बोली लगाई जाएगी.
इसके अतिरिक्त 30 जनवरी को फरीदाबाद, हिसार और पंचकूला क्षेत्र के सामान्य आवासीय और वाणिज्यिक संपत्तियों की बोली लगाई जाएगी और 31 जनवरी को अस्पताल, होटल, संस्थान और बहुमंजिला इमारतों जैसी बड़ी संपत्तियों की बोली लगाई जाएगी.
नियमों में किए गए बदलाव
प्रवक्ता ने बताया है कि 19 सितंबर 2025 को ई – नीलामी नीति खंड – 4 में किए गए संशोधन में नीलामी नियमों को लेकर कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए गए है. बदलाव के अनुसार बड़ी संपत्तियों जैसे – होटल, अस्पताल और बहुमंजिला इमारतों की खरीद के लिए कम से कम दो बयाना राशि जमा राशि जमा करवाना अनिवार्य किया गया है. इसके बिना इन बड़ी संपत्तियों की नीलामी में हिस्सा नहीं लिया जा सकता.
नीलामी प्रक्रिया 10 बजे होगी शुरू
बता दें कि नीलामी प्रक्रिया 10 बजे ऑनलाइन पोर्टल पर शुरू होगी. HSVP ने सभी नियमों और शर्तों को आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया है, ताकि सूचना की स्पष्ट जानकारी रहे. इच्छुक खरीददार को नीलामी के नियमों और संपत्तियों के विवरण से संबंधित कोई जानकारी चाहिए, तो वह HSVP की वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 18001803030 पर संपर्क कर सकता है.