HTET अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, रिजल्ट से पहले जारी होगी आंसर की; जानें प्रोसेस

चंडीगढ़ | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की ओर से 4 और 5 जुलाई को आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) 2025 सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है. अब अभ्यर्थियों को रिजल्ट का इंतजार है. इस बीच बोर्ड के चेयरमैन शंकर धूपड़ ने बताया कि रिजल्ट जारी करने से पहले आंसर-की प्रकाशित की जाएगी. इसके बाद अभ्यर्थियों से ऑब्जेक्शन मांगे जाएंगे और विशेषज्ञ समिति उनकी जांच करेगी. सभी आपत्तियों के निपटारे के बाद OMR शीट का मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किया जाएगा. शंकर धूपड़ ने कहा कि तीनों लेवल की परीक्षाएं शांतिपूर्न तरीके से शांतिपूर्वक संपन्न हुई हैं.

उन्होंने बताया कि पदभार संभालने के कुछ ही दिनों बाद HTET परीक्षा उनके सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी. पहले परीक्षा स्थगित हो गई थी, लेकिन करीब एक महीने के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर सफलतापूर्वक परीक्षा आयोजित कराई गई.

HTET अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी

रिजल्ट को लेकर उन्होंने कहा कि सबसे पहले बोर्ड आंसर-की जारी करेगा. इसके बाद अभ्यर्थियों को निर्धारित समय में ऑब्जेक्शन दर्ज कराने का मौका मिलेगा. प्राप्त आपत्तियों पर विषय विशेषज्ञों की कमेटी विचार करेगी. यदि किसी प्रश्न या उत्तर में त्रुटि पाई जाती है तो आवश्यक संशोधन किया जाएगा. इसके बाद OMR शीट की मार्किंग पूरी कर अंतिम रिजल्ट घोषित किया जाएगा. परीक्षा के दौरान कुछ प्रश्नों में गलतियों के आरोपों पर चेयरमैन ने कहा कि उनके पास भी इस संबंध में कई शिकायतें और फोन आए थे. उन्होंने स्वयं कई परीक्षा केंद्रों का दौरा किया था, जहां कुछ अभ्यर्थियों ने भी इस तरह की बातें रखीं. सभी आपत्तियों की जांच विशेषज्ञ समिति करेगी और किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र की मेहनत बेकार नहीं जाएगी.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में बदलेगा मौसम, 21 अगस्त की रात से बारिश का दौर; इन जिलों में अलर्ट

जारी होगी आंसर की

शंकर धूपड़ ने यह भी बताया कि बोर्ड समय रहते HTET- 2026 आयोजित कराने का प्रयास करेगा, जिससे अभ्यर्थियों को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े. इस साल HTET के लिए कुल 2 लाख 33 हजार 294 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. इनमें 1 लाख 66 हजार 137 महिला और 67 हजार 157 पुरुष अभ्यर्थी शामिल रहे. लेवल- 1 (PRT) के लिए 41,062, लेवल- 2 (TGT) के लिए 1,19,141 और लेवल- 3 (PGT) के लिए 73,091 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.