चंडीगढ़ | हरियाणा में पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति पाने का मौका है. डॉ. बीआर अंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति संशोधित योजना के तहत वित्त वर्ष 2026- 27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पात्र विद्यार्थी हरियाणा सरल पोर्टल के माध्यम से 30 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. जिला कल्याण विभाग के अनुसार, योजना का लाभ अनुसूचित जाति, विमुक्त जाति, घुमंतू, अर्द्धघुमंतू और टपरीवास जातियों के 10वीं, 12वीं और स्नातक कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थी उठा सकते हैं. वहीं, पिछड़े वर्ग और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को केवल 10वीं कक्षा के लिए आवेदन करने की पात्रता दी गई है.

छात्रवृत्ति योजना में आवेदन के लिए कक्षा और वर्ग के अनुसार न्यूनतम अंक निर्धारित किए गए हैं. 10वीं कक्षा में अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग- ए के विद्यार्थियों को ग्रामीण क्षेत्र में कम से कम 60 प्रतिशत और शहरी क्षेत्र में 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करना जरूरी है.
इतने अंक जरूरी
इसी कक्षा में पिछड़ा वर्ग- बी और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 75 प्रतिशत तथा शहरी क्षेत्रों में 80 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं. 12वीं कक्षा के अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए ग्रामीण क्षेत्र में न्यूनतम 70 प्रतिशत और शहरी क्षेत्र में 75 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं. वहीं, स्नातक स्तर पर अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में 60 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 65 प्रतिशत अंक होना जरूरी है.
4 लाख से कम आय
योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी के परिवार की वार्षिक आय 4 लाख रुपये से कम होनी चाहिए. आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को निर्धारित दस्तावेज भी ऑनलाइन अपलोड करने होंगे. इनमें फोटो, जाति प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, आय प्रमाण पत्र, वर्तमान कक्षा का पहचान पत्र और पिछली कक्षा की मार्कशीट शामिल हैं. सभी दस्तावेज स्कैन करके आवेदन के साथ अपलोड करने होंगे.
सरल पोर्टल से होगा आवेदन
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपिका ने बताया कि पात्र विद्यार्थी हरियाणा सरल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. विद्यार्थियों को आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 का ध्यान रखना होगा. योजना से जुड़ी पात्रता, दस्तावेज या आवेदन प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी लघु सचिवालय की चौथी मंजिल स्थित जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं.