चंडीगढ़ | हरियाणा में खुद के घर का सपना देख रहे गरीब परिवारों के लिए एक अच्छी खबर है. सीएम नायब सैनी (CM Nayab Singh Saini) ने प्रशासनिक सचिवों और उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य स्तरीय दिशा समिति की बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा बैठक की है.

1 हजार पंचायतें चिह्नित
बैठक के दौरान अधिकारियों ने सीएम नायब सैनी को अवगत कराया कि मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2.0 के तहत गरीब परिवारों को प्लॉट देने के लिए एक हजार पंचायतों को चिह्नित कर लिया गया है. इन पंचायतों में 1 लाख 80 हजार रूपए तक सालाना आमदनी वाले परिवारों को महाग्राम पंचायत में 50 वर्ग गज और सामान्य ग्राम पंचायत में 100 वर्ग गज के प्लॉट दिए जाएंगे.
पहले चरण में 62 ग्राम पंचायतों में ड्रॉ के माध्यम से 4533 परिवारों को प्लॉट दे दिए गए हैं. इन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत मकान बनाने के लिए राशि उपलब्ध करवाई जाएगी.
जल्द किस्त जारी हो: मुख्यमंत्री
मीटिंग के दौरान सीएम नायब सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित 77 हजार लाभार्थियों के आवेदनों की जियो टैगिंग का कार्य 15 दिनों में पूरा किया जाए. इन लाभार्थियों को मकान बनाने के लिए किस्त जल्द ही जारी की जानी चाहिए. साथ ही, आवेदकों की नई सूची तैयार करने के लिए सर्वे का कार्य तीव्र गति से करने के निर्देश दिए गए हैं.