चंडीगढ़ | हरियाणा के बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है. दरअसल, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम में कुल 6239 पदों पर भर्ती की जाएगी. बता दें कि डीएचबीवीएनएल में तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कुल 8176 पद खाली हैं. इनमें से 1506 पदों को पदोन्नति से भरा जाएगा, जबकि बाकी पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी.
13 लाख से ज्यादा युवाओं ने किया आवेदन
तृतीय श्रेणी पदों के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा सामान्य पात्रता परीक्षा (CET) के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. इनमें 13 लाख से ज्यादा युवाओं ने आवेदन किया है. जल्दी ही इस परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी जाएगी. इसी बीच बिजली वितरण निगम द्वारा खाली पदों को भरने के लिए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को मांग पत्र भेज दिया गया है. जैसे ही CET परीक्षा हो जाती है, चयन आयोग इन पदों को भरने के लिए आवेदन जारी कर देगा.
CET नतीजों के बाद जारी होगी भर्तियों की प्रक्रिया
जिन पदों के लिए पहले से विज्ञापन जारी हो चुके हैं, उनकी भर्ती भी अब CET परीक्षा के नतीजे के बाद होगी. दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने तृतीय श्रेणी के कुल 15907 स्वीकृत पदों में से 7706 खाली पदों की डिटेल कर्मचारी चयन आयोग को भेज दी है. इनमें से 6225 पदों पर डायरेक्ट भर्ती और 1506 पदों को प्रमोशन के जरिए भरा जाएगा. इसी प्रकार ग्रुप डी के सभी 14 खाली पदों को भी सीधी भर्ती के जरिए भरा जाएगा. इसकी मांग भी आयोग को भेजी जा चुकी है.
