चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में कैबिनेट मीटिंग बुलाई गई है. ये मीटिंग 1 अगस्त को सिविल सचिवालय में सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी. इस मीटिंग में सीएम सैनी अपने सहयोगी मंत्रियों के साथ कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे. संभव है कि प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए सरकारी नौकरी में ग्रुप A और B वर्ग में 27% आरक्षण पर सीएम नायब बड़ा सैनी फैसला ले सकते हैं.
OBC को मिल सकती है सौगात
हरियाणा में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को ग्रुप A व B की नौकरियों में 27% आरक्षण देने की तैयारी है. इस संबंध में लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने सीएम नायब सैनी के समक्ष मांग रखी थी. गंगवा का दावा है कि सीएम ने मांग को मानने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि OBC को जल्द केंद्र की तर्ज पर 27% आरक्षण मिलेगा.
अभी ग्रुप C व D में बीसी को 27% आरक्षण दिया जाता है. इसमें BC-A को 16%, BC-B को 11% आरक्षण है. ग्रुप A व B की नौकरियों में अभी BC वर्ग को 15% आरक्षण दिया जा रहा है. इसमें BC-A को 10%, BC-B को 5% आरक्षण है. हरियाणा की करीब 2.75 करोड़ की आबादी में करीब 85 लाख ओबीसी हैं.
मानसून सत्र की तारीखों पर फैसला
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बुलाई गई इस बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र की तारीखों का ऐलान हो सकता है. हर साल जुलाई के आखिर या अगस्त के प्रथम सप्ताह में मानसून सत्र बुलाया जाता है. ऐसे में पूरी संभावना जताई जा रही है कि सरकार जल्द ही विधानसभा के मानसून सत्र का शेड्यूल घोषित कर सकती हैं.
