चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में नए साल यानि 1 जनवरी 2026 को कैबिनेट की बैठक बुलाई गई है. इस बैठक का आयोजन चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय की बिल्डिंग में होगा. इसमें साल 2026 में सरकार के कामों की रूपरेखा सहित कई अन्य महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई जा सकती है.
हरियाणा कैबिनेट मीटिंग की तैयारियां शुरू
मुख्यमंत्री नायब सैनी बतौर वित्त मंत्री फरवरी के आखिरी सप्ताह या मार्च के पहले सप्ताह में अपना दूसरा बजट पेश करेंगे. ऐसे में 1 जनवरी को होने वाली कैबिनेट मीटिंग में अधिकारियों को बजट तैयारियों के लिए दिशानिर्देश दिए जाने की संभावना हैं ताकि विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक लक्ष्यों को प्राथमिकता दी जा सके.
इस कैबिनेट मीटिंग में सरकार की ओर से नए साल में कार्यक्रमों और पॉलिसी की रूपरेखा पर चर्चा होने की भी संभावना जताई जा रही है. राजनीतिक और प्रशासनिक विशेषज्ञ संकेत मान रहे हैं कि 2026 में कई नायाब और निर्णायक फैसले प्रदेश में लागू किए जा सकते हैं. कैबिनेट मीटिंग में वर्ष 2026- 27 के वित्तीय और प्रशासनिक एजेंडे पर भी बातचीत हो सकती है. सोनीपत, अंबाला और पंचकूला में नगर निगमों के चुनाव जनवरी में प्रस्तावित है, जिसपर सरकार कैबिनेट मीटिंग में विचार-विमर्श कर सकती हैं.
चेयरमैनों के नामों की घोषणा
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, कैबिनेट मीटिंग में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता वाली कैबिनेट सब- कमेटी द्वारा की गई सिफारिशों पर भी चर्चा होने की संभावना है. इसी सब- कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर सीएम नायब सैनी ने हांसी को हरियाणा का 23वां जिला घोषित किया था. नए साल पर प्रदेश में बोर्ड और निगमों के चेयरमैनों के नामों की घोषणा की जा सकती है, जिसको लेकर भी कैबिनेट मीटिंग में चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है.
