चंडीगढ़ | हरियाणा में नए जिलों के गठन को लेकर लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन अब यह प्रक्रिया फिलहाल 3 साल के लिए टाल दी गई है. सरकार का कहना है कि जाति जनगणना के बाद ही नए जिलों पर कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा. फिलहाल, केवल 2 जिलों हांसी और गोहाना के नाम पर ही चर्चा की गई है. इसी कारण से सरकार द्वारा बनाई गई कैबिनेट सब कमेटी की जून माह में एक भी बैठक आयोजित नहीं की गई.
30 जून को खत्म होगा कार्यकाल
30 जून को कैबिनेट सब कमेटी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है. इसके बाद, संभव है कि अगले वर्ष या 2027 में नई कैबिनेट सब कमेटी गठित की जाए और फिर इस विषय पर पुनः विचार किया जाए. अब तक हिसार के हांसी, सिरसा के डबवाली, करनाल के असंध, जींद के सफीदों और सोनीपत के गोहाना को नया जिला बनाने की तैयारियां चल रही थीं. इनमें हांसी और डबवाली को पहले ही पुलिस जिला घोषित किया जा चुका है. गुरुग्राम के मानेसर को भी जिला बनाने की मांग उठाई गई थी, लेकिन जरूरी दस्तावेज पूरे न होने के कारण उस पर कोई विचार नहीं हो सका.
जातिगत जनगणना 2 चरणों में पूरी
पहले चरण में एक अक्टूबर 2026 से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू- कश्मीर और लद्दाख जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में जनगणना का कार्य शुरू होगा. दूसरे चरण में 1 मार्च 2027 से हरियाणा सहित अन्य राज्यों में जनगणना की जाएगी. अनुमान है कि वर्ष 2027 तक यह जनगणना प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. जाति जनगणना का कार्य दो चरणों में किया जाएगा.
